भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने करीब छह साल बाद एक बार फिर हाथ मिला लिया है। दोनों दलों ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का ऐलान किया है। लेकिन पंजाब की सत्ता की लड़ाई से पहले गठबंधन की चंडीगढ़ में परीक्षा होगी। यहां 23 दिसंबर 2026 को नगर निगम चुनाव होने हैं। ऐसे में यह चुनाव दोनों दलों के लिए सिर्फ स्थानीय निकाय की लड़ाई नहीं, बल्कि नई शुरुआत की पहली परीक्षा है। इसके साथ ही पंजाब चुनावम में भी चंडीगढ़ से संदेश देने की कोशिश की जाएगी।
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में बीजेपी-अकाली गठबंधन ने पहली बार दिसंबर 1996 में साथ मिलकर बड़ी जीत दर्ज की थी। चंडीगढ़ में यह पहला नगर निगम चुनाव था। कुल 20 सीटों में से बीजेपी-अकाली गठबंधन ने 19 सीटें जीत ली थीं, जबकि कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली थी। इस जीत के कुछ महीने बाद 1997 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भी अकाली दल-बीजेपी गठबंधन ने 117 में से 93 सीटें जीतकर सत्ता हासिल की थी।
यह भी पढ़ें: फतेहपुर में डंपर ने बाइक को 150 मीटर घसीटा, मां-बेटी समेत तीन की दर्दनाक मौत
2016 में गठबंधन ने दर्ज की थी बड़ी जीत
चंडीगढ़ नगर निगम के 2016 के चुनाव में बीजेपी और अकाली दल ने मिलकर चुनाव लड़ा था। उस समय नगर निगम में कुल 26 वार्ड थे। बीजेपी ने 22 और अकाली दल ने चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। नतीजों में बीजेपी ने 20 सीटें जीत लीं, जबकि अकाली दल को एक सीट मिली। इस तरह गठबंधन के खाते में कुल 21 सीटें आईं। कांग्रेस सिर्फ चार सीटों पर सिमट गई थी। 2016 में पंजाब में भी बीजेपी और अकाली दल की सरकार थी।
2020 में टूटा था रिश्ता
दोनों दलों का गठबंधन करीब 24 साल पुराना था लेकिन सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों के रास्ते अलग हो गए। किसान आंदोलन के बीच अकाली दल ने बीजेपी से गठबंधन तोड़ दिया। हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इसका सीधा असर चंडीगढ़ की राजनीति पर भी पड़ा। 2021 के चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में बीजेपी और अकाली दल अलग-अलग मैदान में उतरे। अकाली दल ने बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ गठबंधन किया। कुल 35 वार्डों में अकाली दल ने 19 और BSP ने 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। नतीजों में बीजेपी को 12, अकाली दल को एक और BSP को एक भी सीट नहीं मिली। आम आदमी पार्टी (AAP) 14 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि कांग्रेस को आठ सीटें मिलीं।
साथ लड़ते तो अलग होते नतीजे?
2021 के चुनाव में बीजेपी को करीब 29.7 फीसदी वोट मिले थे, जबकि अकाली दल का वोट शेयर 2.5 फीसदी रहा। दोनों को मिलाकर यह आंकड़ा करीब 32 फीसदी पहुंचता है। वहीं कांग्रेस को करीब 30 फीसदी और AAP को 26 फीसदी वोट मिले थे। यानी दोनों दल साथ चुनाव लड़ते तो मुकाबले की तस्वीर अलग हो सकती थी। 2021 में अकाली दल के इकलौते पार्षद जीते लेकिन अगले 5 साल में एक बार भी उन्होंने बीजेपी का साफ नहीं दिया, जिसके चलते बीजेपी को हर बार मुश्किल का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: रेलवे क्लर्क का बेटा कैसे बना करोड़पति? ED के सामने पेश हुए विपुल वैभव
चंडीगढ़ में साथ लडेंगे
मंगलवार को दिल्ली में गठबंधन की घोषणा होने के साथ ही चंडीगढ़ में बीजेपी और अकाली दल के नेताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। दोनों दलों के नेताओं ने दावा किया कि इस बार सभी 35 सीटों पर गठबंधन की जीत होगी। अकाली दल कम से कम 12 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारना चाहता है। पार्टी का तर्क है कि पहले के मुकाबले अब वार्डों की संख्या बढ़ गई है और उसका संगठन भी मजबूत हुआ है। हालांकि, फिलहाल सीटों के बंटवारे को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पंजाब चुनाव से पहले हो रहे यह चुनाव दोनों दलों के लिए काफी अहम माने जा रहे हैं।