उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ
ने बुधवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान युवाओं के पलायन और नौकरी में होने वाले भेदभाव को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले राज्य में मेहनती और काबिल युवाओं को उनकी योग्यता के हिसाब से काम नहीं मिल पाता था, इसके चलते युवा दूसरे राज्यों और देशों में जाने को मजबूर हो जाते थे। CM योगी ने अपनी बात समझाने के लिए फिल्म 'मुन्ना भाई MBBS' का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले सरकारी व्यवस्था में भी ऐसे ही 'मुन्ना भाई' बैठे हुए थे। भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी इस हद तक थी कि परीक्षा कोई और देता था और नौकरी किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाती थी।
CM योगी ने कहा कि पहले राज्य में नौकरी पाने के लिए सिफारिश लगवानी पड़ती थी और पैसे भी देने पड़ते थे। उन्होंने आगे कहा, 'बिना किसी जान-पहचान या लेन-देन के नौकरी मिलना बहुत मुश्किल था। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में व्यवस्था ठीक नहीं थी। भर्ती करने वाले आयोगों और बोर्डों पर एक सिंडिकेट का कब्जा था। यही लोग भर्ती की प्रक्रिया को अपने हिसाब से चलाते थे।'
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो युवा कड़ी मेहनत करके परीक्षा देते थे, उन्हें नौकरी नहीं मिल पाती थी जबकि, कई बार कम काबिलियत वाले या फिर परीक्षा न देने वाले लोगों को नियुक्ति पत्र मिल जाते थे। इससे मेहनत करने वाले युवाओं को नुकसान उठाना पड़ता था।
'लोग पैसे कमाकर विदेशी बैंकों में जमा कर देते थे'- CM योगी
CM योगी ने कहा, 'जब युवा इस गड़बड़ी के खिलाफ कोर्ट जाते थे तो भर्ती पर रोक लग जाती थी। इस दौरान गलत काम और तरीकों से पैसे कमाने वाले लोग सारी धनराशि विदेशी बैंकों में जमा कर देते थे। पहले प्रदेश के युवाओं के साथ हर तरफ से धोखा हो रहा था। भर्ती में लगातार होने वाली गड़बड़ी और भेदभाव के चलते काबिल युवाओं को मौके नहीं मिले। इसका नुकसान पूरे उत्तर प्रदेश को उठाना पड़ा और प्रदेश लगातार बदहाल हुआ पिछड़ता चला गया।'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 11 नवंबर 2026 को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में पलायन और रोजगार के मुद्दे पर बयान दिया। इस दौरान CM ने अलग-अलग विभागों में चुने गए युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। इनमें 1,146 कनिष्ठ सहायक (जूनियर असिस्टेंट) भी शामिल हैं।