आय से अधिक मामले में हिमाचल विजिलेंस ने धर्मशाला से बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा को नामजद किया तो सियासी रार बढ़ने लगी। तेवर तल्ख करते हुए बीजेपी विधायक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर सरकार में दम है तो हमें जेल भेज दे। बीजेपी कार्यकर्ता जनता के अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे।
सुधीर शर्मा ने गुरुवार को कांग्रेस सरकार के खिलाफ आयोजित जन आंदोलन के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। अगर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री को लगता है कि झूठे मुकदमे दर्ज कर या जेल भेजकर बीजेपी की आवाज दबाई जा सकती है तो यह उनकी सबसे बड़ी भूल है। बीजेपी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और प्रदेश हित की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ता रहेगा।
यह भी पढ़ें: ईरान ने पकड़े मोसाद के 30 एजेंट, इजरायल तक हड़कंप; दो को फांसी भी हो चुकी
बदले की भावना से काम कर रही सरकार: शर्मा
शर्मा ने आगे कहा कि प्रदेश में सरकार जनहित के मुद्दों को पूरी तरह भुलाकर केवल प्रतिशोध की सियासत करने लगी है। मुख्यमंत्री राजनीतिक विरोधियों पर झूठे मामले दर्ज करवाकर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि प्रदेश बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और विकास जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है।
विधायक सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कथित भ्रष्टाचार और जनविरोधी कार्यों को उजागर किए जाने और तैयार की जा रही चार्जशीट से सरकार घबरा गई है। इसी डर के कारण बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक के बाद एक झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 560 करोड़ का बैंक घोटाला, IAS पंकज अग्रवाल को झटका; CBI कोर्ट से नहीं मिली जमानत
'बीजेपी न डरेगी और न झुकेगी'
चुनौती भरे स्वर में सुधीर शर्मा ने कहा, 'अगर सरकार में दम है तो हमें जेल भेज दे, लेकिन बीजेपी न तो डरने वाली है और न ही झुकने वाली है। हम प्रदेश हित और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार संघर्ष करते रहेंगे।' उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा, जनता की आवाज बुलंद करने और कांग्रेस सरकार की प्रतिशोध की राजनीति के खिलाफ है।