logo

ट्रेंडिंग:

बजट हरियाणा का नजर पंजाब पर, OBC वोटरों पर नजर लेकिन दिया कुछ नहीं

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने केसरिया रंग  की पगड़ी पहनकर बजट किया और बजट भाषण में सिख गुरुओं का जिक्र किया। ऐसे में लोग कह रहे हैं कि बजट हरियाणा का है लेकिन नजर पंजाब पर है।

 Haryana Chief Minister Nayab Saini

सीएम नायब सिंह सैनी, Photo Credit: PTI

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कल 2 मार्च को राज्य का बजट पेश किया। इस बजट में कोई चौंकाने वाली घोषणा नहीं रही। सत्ता पक्ष ने बजट को बढ़िया बताया तो विपक्ष ने सिर्फ भाषणों का पुलिंदा। बजट के अलावा हर किसी ने एक अहम बात नोटिस की और राजनीतिक गलियारों में चर्चा होने लगी की हरियाणा के बजट में पंजाब की झलक देखने को मिल रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि बजट के दिन जब पूरे देश की नजर हरियाणा पर थी तो हरियाणा के सीएम सिख धर्म की मान्यता के अनुसार सिर पर पगड़ी पहनकर विधानसभा पहुंचे। 

 

बता दें कि पंजाब में अगले साल की शुरुआत में ही विधानसभा चुनाव होने हैं। इन चुनावों में जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरा जोर लगा दिया है। बजट वाले दिन सुबह-सुबह सीएम सैनी केसरिया रंग  की पगड़ी पहनकर बजट की कॉपी पर सिग्नेचर करते दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने यही पगड़ी पहनकर विधानसभा में भी भाषण दिया। 

 

यह भी पढ़ें: मोरनी में पहाड़ों के बीच कैसे मनाई जाती है होली?

पंजाब पर नजर

यह पहली बार नहीं है जब सीएम सैनी ने पगड़ी पहनी हो। इससे पहले भी वह कई बार पगड़ी पहन चुके हैं और विधानसभा में भी आ चुके हैं लेकिन बजट वाले दिन उन्होंने यह पगड़ी पहनकर पूरे पंजाब में संदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने अपने बजट भाषण में सिख गुरुओं का नाम भी लिया। उन्होंने कहा, 'बजट सरकार का लेखा जोखा नहीं, बल्कि संत परम्परा की उस वाणी से प्रेरित है, जो कहती है कि किरत कर, नाम जप, वंड छक।' सिख धर्म के अनुसार पगड़ी पहनना और भाषण में गुरुओं का जिक्र करना महज एक संयोग नहीं बल्कि सोची समझी राजनीति है। बीजेपी सिखों को संदेश देना चाहती है कि वह उनके साथ है। 

 

सीएम सैनी पंजाब में सक्रिय

हरियाणा के सीएम सैनी ने जब से दूसरी बार सीएम पद की शपथ ली है तब से वह लगातार पंजाब में सक्रिय हैं। पंजाब में जाकर रैली करना हो या फिर सीएम आवास पर पंजाब के बिजनेसमैन और कलाकारों से मिलना, सीएम सैनी लगातार पंजाब में पैठ बैठाने की कोशिश कर रहे हैं। हरियाणा की सीमा से सटे हुए इलाकों में सक्रिय हैं। अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के लिए स्टार प्रचारक की तरह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रचार कर रहे हैं। बीजेपी पंजाब में हरियाणा मॉडल का प्रचार कर रही है और इसे ही विकास की गारंटी बता रही है। 

सैनी वोटरों पर नजर पर खाली हाथ सैनी

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी OBC समुदाय से आते हैं। पंजाब में 30 प्रतिशत से ज्यादा OBC वोटर हैं। नायब सिंह सैनी को चेहरा बना बीजेपी पंजाब में सैनी समुदाय और  OBC समुदाय में अपना आधार मजबूत करना चाहती है और ओबीसी वोटरों को अपने पाले में करना चाहती है। हालांकि, हरियाणा के बजट में  ओबीसी वर्ग के लिए कुछ भी बड़ी घोषणाएं नहीं की गई। एकमात्र घोषणा इंडस्ट्री के प्लॉटों में ओबीसी वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की की गई है। भले ही बीजेपी की नजर पंजाब में ओबीसी वोटरों पर हो लेकिन बजट में उनके लिए कुछ खास घोषणा नहीं की गई है। सीएम सैनी ने हाल ही में पंजाब में हुई अपनी एक रैली में कहा था कि बीजेपी ही एक ऐसी पार्टी है, जिसने सैनी के बेटे को सीएम बनाया।

 

यह भी पढ़ें: पहले स्क्रोल करते रहे, फिर सारे जवाब सही दे डाले, MP में एक और व्यापमं घोटाला?

क्या बोले राजनीतिक जानकार?

हरियाणा के सीएम की पंजाब में सक्रियता को देखते हुए राजनीतिक  विश्लेषक डॉ. सतीश त्यागी ने कहा कि हरियाणा के सीएम का एक पैर हरियाणा में है तो दूसरा पैर पंजाब में रहता है। उनका मानना है कि बीजेपी के पास पंजाब में कोई बड़ा चेहरा नहीं है इसलिए  हरियाणा की नीतियों के जरिए पंजाब को यह दिखाने की कोशिश की जा रही है कि बीजेपी सरकार सिखों की हिमायती है। 


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap