बहुजन समाज पार्टी (BSP) की मुखिया मायावती इन दिनों अपने ही भतीजे आकाश आनंद और उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ पर भड़की हुई हैं। पहले तो मायावती ने प्रस्ताव रखा कि अशोक सिद्धार्थ संन्याय ले लें तो आकाश आनंद को वापस लेने पर विचार होगा। जब अशोक सिद्धार्थ ने संन्यास का एलान कर दिया तो मायावती ने इसमें हुई देरी का हवाला देते हुए आकाश आनंद को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। अब मायावती ने एक और X पोस्ट करके कहा है कि अशोक सिद्धार्थ पहले तो रातभर तरह-तरह से हथकंडे अपनाते रहे और आखिर में जाकर संन्यास का एलान किया। उन्होंने इसी पोस्ट में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे दलों पर भी निशाना साधा।
गुरुवार को मायावती ने एक पोस्ट करके आकाश आनंद को पार्टी से निकालने का एलान कर दिया था। हैरानी की बात यह थी कि उन्होंने सिर्फ इसलिए आकाश को निकाल कि मायावती ने अशोक सिद्धार्थ के बारे में जो X पोस्ट लिखी थी उसे आकाश ने रीपोस्ट नहीं किया था। इतना ही नहीं, मायावती ने आरोप लगाए कि आकाश आनंद और अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से ज्यादा अपनी और अपने हितों की चिंता है।
मायावती ने अब क्या-क्या लिखा?
इन दिनों दलित वोटरों को रिझाने में जुटी सपा और कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए मायावती ने लिखा, 'सपा, कांग्रेस और अन्य विरोधी पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा BSP का शुरू से ही चला आ रहा नीला रंग अब यह इनके गले का गमछा और कपड़े पहनने से और स्टेज आदि में भी नीला कपड़ा इस्तेमाल करने से इनकी सर्वसमाज में से ख़ासकर ग़रीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़े व अन्य उपेक्षित वर्गों के प्रति वर्षों से चली आ रही इनकी जातिवादी, संकीर्ण, सामन्तवादी एवं पूंजीवादी सोच नहीं बदल सकती है। ना ही ये लोग दिल से आंबेडकरवादी होने और कहलाने वाले हैं। इसीलिए बहुजन समाज के वास्तविक हित और कल्याण के प्रति पहले वे अपना दिल और दिमाग तो पाक-साफ करें।'
इस खबर को अपडेट किया जा रहा है।