उसका नाम सिराज है, इसलिए उसे जगह नहीं मिली। यह बयान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गुरुवार को दिया था। अब उनके इस बयान पर कांग्रेस की ही सांसद रंजीत रंजन ने पलटवार किया है। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने कहा कि वह मसूद से अपील करती हैं कि नेता राजनीति जरूर करें, लेकिन खेल को इससे दूर रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी को राजनीति का हिस्सा नहीं बनाना चाहिए। वहीं, कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी क्रिकेट में मुसलमानों, अति-पिछड़ों और दलितों के साथ भेदभाव होने का आरोप लगाया है।
वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से पहला टेस्ट खेला जा रहा है। टेस्ट शुरू होने से पहले किसी ने अंदाजा नहीं लगाया था कि इस मैच की चर्चा मैदान के अंदर से ज्यादा बाहर होगी। टॉस के बाद जब भारतीय कप्तान
शुभमन गिल
ने टीम की लिस्ट दी, तब उसमें तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का नाम नहीं था। टीम मैनेजमेंट के इस फैसले का पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर ने विरोध किया था। अब क्रिकेट के मैदान के बाहर से भी इस फैसले पर टिप्पणियां आ रही हैं।
रंजीत रंजन का पलटवार
रंजीत रंजन ने इमरान मसूद से स्पोर्ट्स को राजनीति से दूर रखने की अपील की है। उन्होंने कहा, 'मैं भी पॉलिटिशियन हूं, इमरान जी भी पॉलिटिशियन हैं और मैं स्पोर्ट्स बैकग्राउंड से आई हूं। मैं मसूद जी से इतना ही प्रार्थना कर सकती हूं कि भाई, हम लोग राजनीति करें, स्पोर्ट्स को दूर रखें। स्पोर्ट्स में हस्तक्षेप न करें। स्पोर्ट्स का अपना एक फील्ड है और उसकी अपनी मेरिट और कैटेगरी होती है। खिलाड़ी का अपना संघर्ष होता है। इसलिए प्लीज-प्लीज, हम राजनीति में उठापटक करें, लेकिन स्पोर्ट्स को इसका हिस्सा न बनाएं। यह मुझे बर्दाश्त नहीं है।'
उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर का जिक्र करते हुए कहा कि वह देशभक्त हैं। गंभीर ने खुद कहा था कि अगर वह क्रिकेटर नहीं होते तो सेना में होते। रंजीत रंजन ने कहा कि खिलाड़ियों की देशभक्ति पर राजनेताओं की ओर से सवाल उठाना गलत है।
यह भी पढ़ें: अंडर-19 एशिया कप: रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया
इमरान मसूद ने क्या कहा था?
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था, 'उसका नाम सिराज है, क्या यह कम वजह है? अगर वह परफॉर्म कर रहा है, उसके बाद भी उसका सिलेक्शन नहीं हो रहा है, तो उसके पीछे क्या कारण हो सकता है? और क्या कारण हो सकता है?'
कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी क्रिकेट में भेदभाव का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि क्रिकेट में पक्षपात होता है और इसमें कोई संदेह नहीं है। दलितों, मुसलमानों और अति-पिछड़ों के साथ हर स्तर पर कहीं न कहीं भेदभाव होता है। उन्होंने कहा कि खेल को खेल भावना से लेना चाहिए और चयन समिति तथा बोर्ड को हमेशा अच्छे खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'सतीशन अच्छे CM होंगे', BJP छोड़ते ही पद्मजा वेणुगोपाल ने की कांग्रेस की तारीफ
किरेन रिजिजू ने आरोपों को किया खारिज
केंद्रीय मंत्री
किरेन रिजिजू
ने मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किए जाने पर उठे धार्मिक भेदभाव के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि देश में धर्म के नाम पर किसी की अनदेखी नहीं की जाती और अवसर योग्यता के आधार पर दिए जाते हैं। धर्म या जाति का चयन से कोई लेना-देना नहीं है। रिजिजू ने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
के 'सबका साथ, सबका विकास' और 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि जाति और धर्म के आधार पर लोगों को बांटने की जरूरत नहीं है।