logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'पार्टी तय करेगी कि..', बांकीपुर से चुनाव लड़ने के सवाल को घुमा गए प्रशांत किशोर

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज की चर्चा खूब है। इसी बारे में जब प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने से जुड़ा सवाल पूछा गया तो पीके इसे टालते नजर आए।

prashant kishor

प्रशांत किशोर, File Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर बिहार की राजनीति गरमाने लगी है। सभी दल अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं लेकिन सबसे बड़ा सवाल अभी भी बरकरार है। क्या जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर खुद चुनावी मैदान में उतरेंगे? दिलचस्प बात यह है कि एक बार फिर इस सवाल पर उन्होंने सीधा जवाब देने से परहेज किया। सारण में आयोजित जन सुराज की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर का उपचुनाव सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं होगा, बल्कि यह मौजूदा सरकार के कामकाज पर जनता का जनमत संग्रह साबित होगा। 

 

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाए कि चुनाव के दौरान जनता से बड़े-बड़े वादे किए गए थे लेकिन अब सरकार उन वादों पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को 10 हजार रुपये देने, 2 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन जैसे वादे किए गए थे। प्रशांत ने आगे कहा कि अब जनता यह जानना चाहती है कि इन घोषणाओं का क्या हुआ और सरकार उन्हें पूरा करने की दिशा में क्या कदम उठा रही है।

बीजेपी को चुनौती देने का दावा

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बांकीपुर में बीजेपी को अगर कोई वास्तविक चुनौती दे सकता है तो वह उनकी पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद लंबे समय से इस सीट पर बीजेपी को हराने में सफल नहीं हो पाए हैं, जबकि जन सुराज जनता के बीच एक मजबूत विकल्प बनकर उभर रही है।

 

यह भी पढ़ें: CM सम्राट चौधरी को दी धमकी, सोशल मीडिया पर शेयर की वीडियो, अब मांगने लगा माफी

 

जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वे खुद बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने गेंद पार्टी के पाले में डाल दी। प्रशांत किशोर ने कहा कि उम्मीदवार का फैसला पार्टी करेगी और चुनाव जीतने के लिए जो भी रणनीति जरूरी होगी, उसे अपनाया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह स्वयं उम्मीदवार बनने जा रहे हैं या नहीं।

राबड़ी आवास विवाद पर सरकार से सवाल

बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर चल रहे विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'यह मामला सरकार और राबड़ी देवी के बीच का है लेकिन सरकार को यह भी बताना चाहिए कि डिप्टी मुख्यमंत्री के आवास को मुख्यमंत्री आवास परिसर में क्यों शामिल किया गया। मुख्यमंत्री आवास पहले से ही काफी बड़े क्षेत्र में फैला हुआ है। इसके बावजूद उसके विस्तार को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। जब नेताओं को सादगी और जवाबदेही का संदेश दिया जाता है, तब सरकार को भी अपने फैसलों का स्पष्टीकरण देना चाहिए।'

 

यह भी पढ़ें: बांकीपुर में RJD नहीं, BJP को क्यों हराना चाहते हैं प्रशांत किशोर? समझिए प्लान

 

गौरतलब है कि बीजेपी नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हुई है। अब इस सीट पर होने वाला उपचुनाव केवल स्थानीय राजनीतिक मुकाबला नहीं, बल्कि बिहार की बदलती राजनीतिक दिशा का संकेत भी माना जा रहा है।


फिलहाल, सबसे बड़ा सस्पेंस यही है कि क्या प्रशांत किशोर खुद चुनावी अखाड़े में उतरेंगे या फिर किसी नए चेहरे को आगे बढ़ाएंगे लेकिन इतना तय है कि बांकीपुर का यह उपचुनाव बिहार की राजनीति में आने वाले दिनों का बड़ा राजनीतिक संदेश देने वाला साबित हो सकता है।

Related Topic:#Prashant Kishore

और पढ़ें