कांग्रेस की अगुवाई में विपक्षी दल सुप्रीम कोर्ट में एक साथ याचिका दायर करने वाले हैं। मार्च से पहले
राहुल गांधी
ने देशवासियों, राजनीतिक दलों के सदस्यों और पत्रकारों से अपील की है कि वे विपक्ष का साथ दें, देश के झंडे, संविधान और देश के भविष्य को बचाने के लिए साथ आएं। उन्होंने कहा है कि जो लोग साथ नहीं आ पा रहे हैं, वे हमारा समर्थन करेंगे। उन्होंने सत्तारूढ़ सरकार को कायर बताया है और कहा है कि हम देश को बदल देंगे। राहुल गांधी ने कहा कि जो मन में साथ देना चाहते हैं, साथ दें, देश आपका है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त उनके संपर्क में हैं। वह उनके बात करना चाहते हैं लेकिन वह माफ करने के मूड में नहीं हैं। राहुल गांधी ने कहा, 'ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि हम वही सवाल उठा रहे हैं जो दो चुनाव आयुक्तों ने पूछा था: ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा क्यों नहीं दे रहे हैं? ज्ञानेश कुमार, आपकी नींद उड़ गई है। हम आपको बख्शेंगे नहीं। हमें आपके अतीत और आपके भ्रष्टाचार के बारे में पता है, और हम इंतजार कर रहे हैं।'
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
कांग्रेस अध्यक्ष और मैंने CJI को पत्र लिखकर लोकतंत्र की हत्या और चुनाव की निष्पक्षता को लेकर अपनी गहरी चिंता जताई थी। CJI ने हमें जवाब दिया और याचिका दायर करने का निर्देश दिया। आज, INDIA ब्लॉक के नेता और मैं साथ मिलकर सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और यह याचिका दायर करेंगे।
'50 प्रतिशत अफसर कह रहे हैं, हम विपक्ष के साथ'
राहुल गांधी ने दावा किया, 'ठीक 50 प्रतिशत पुलिसकर्मी हमसे कह रहे हैं कि हम जो कर रहे हैं वह सही है और हमें इसे जारी रखना चाहिए। पुलिस, ITBP, CRPF और भारत की जनता एक तरफ है। दूसरी तरफ
नरेंद्र मोदी
, अमित शाह, अजीत डोभाल, ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के 4-5 सदस्य हैं जो 'वोट चोरी' और देश को हाईजैक करने में मदद कर रहे हैं। हम इस अंतर को बढ़ा रहे हैं।'
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
हम चाहते हैं कि सड़कों पर 20,000 से 30,000 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं। सरकार बहुत बड़ी गलती कर रही है, क्योंकि हम देश को दिखाना चाहते हैं कि मोदी जी ज्ञानेश कुमार को बचा रहे हैं। उन्हें जितनी ज़्यादा सुरक्षा मिलेगी, हम आखिरकार उनके कंट्रोलर तक उतनी ही आसानी से पहुंच पाएंगे। हमें ऐसी खबरें मिल रही हैं कि पुलिसकर्मी परेशान हैं क्योंकि उन्हें युवाओं की पिटाई करने का आदेश दिया जा रहा है, जबकि RSS सदस्यों को खुली छूट देने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
'दिल्ली को एक किले में बदल दिया है'
राहुल गांधी ने कहा, 'दिल्ली में कई दिनों से वोटों की चोरी के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन चल रहा है, सवाल यह है कि दिल्ली को जेल में क्यों बदल दिया गया है? लोगों को शहर में आने से रोका जा रहा है, ट्रेनों और बसों में रोका जा रहा है और दिल्ली को एक किले में बदल दिया गया है।'