उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत हो रही है। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को शुरुआती तौर पर 26 सीटों का ऑफर दिया है, जबकि कांग्रेस 100 सीटें मांग रही है। इस बीच अब समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इस लिस्ट में पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर बुंदेलखंड तक के विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है।
समाजवादी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट कर इन नामों की घोषणा की है। लिस्ट के मुताबिक, बेहट विधानसभा सीट (01), सहारनपुर से उमर अली खान को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं सहारनपुर विधानसभा सीट (04) से आशु मलिक को टिकट दिया गया है। कैराना विधानसभा सीट (08), शामली से नाहिद हसन को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इसके अलावा अमरोहा विधानसभा सीट (41) से महबूब अली और ललितपुर विधानसभा सीट (226) से ज्योति लोधी को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
यह भी पढ़ें: '2 मीटिंग में हो जाएगा गठबंधन', 26 सीटें देने वाली बात पर कांग्रेस ने क्या कहा?
4 मौजूदा विधायक
समाजवादी पार्टी की इस लिस्ट में ललितपुर को छोड़कर अन्य 4 सीटों पर मौजूदा विधायकों के नामों की घोषणा की गई है। यह चारों सीटें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हैं। इसके साथ ही बुदेंलखंड की ललितपुर सीट पर भी पार्टी ने उम्मीदवार उतारा है। पार्टी ने इस सीट पर ज्योती लोधी को टिकट दिया है।
सीटों को लेकर बातचीत जारी
समाजवादी पार्टी की यह लिस्ट ऐसे समय में आई है जब कांग्रेस के साथ सीटों को लेकर दूसरे दौर की बातचीत हो चुकी है। समाजवादी पार्टी की तरफ से कांग्रेस को 26 सीटें ऑफर की गई हैं लेकिन कांग्रेस 100 से ज्यादा सीटों पर दावेदारी कर रही है। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर इस अंतर के कारण सियासी हलचल तेज है।
अखिलेश ने क्या कहा?
सीट शेयरिंग को लेकर जारी बातचीत के बीच
अखिलेश यादव
ने सोशल मीडिया पर एक अहम पोस्ट किया है। अखिलेश ने कहा, 'जीतनेवाली पहली ‘26 सीटों’ से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात।'सीट शेयरिंग के बीच इसे अहम बयान माना जा रहा है। दोनों दलों के नेताओं का कहना है कि अगले 2-3 दिन में यह बातचीत पूरी कर ली जाएगी।
अखिलेश यादव ने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि जितनी सीटें आप-हम लड़ें उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों। जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी। अखिलेश ने लिखा, 'आपकी टीम की तरफ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें। फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोजिशन में है। हो सकता है कि हम अपने आँकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतनेवाली सीटों के बारे में भी बताएं जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है।'
यह भी पढ़ें: UP के बाद पंजाब में धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा, AAP के लिए क्यों अहम है?
जीत पर जोर
अखिलेश ने आगे कहा, 'हमारी कोशिश तो ये है कि जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ के प्रत्याशी के रूप में बात हो, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में और सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देनेवाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को ‘पीडीए प्रत्याशी’ के रूप में प्रस्तुत करें।' अखिलेश ने साफ कहा कि बात सीट की नहीं, जीत की है।