बिहार बीजेपी में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। बांकीपुर में होने वाले उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार बनाए गए अभिषेक सिन्हा 'बंटी' ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। बांकीपुर से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई है।
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए जन सुराज के प्रशांत किशोर ने भी नामांकन दाखिल किया है।
नामांकन दाखिल कर दिया था
दरअसल, अभिषेक ने एक दिन पहले ही अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। मगर, एन वक्त पर उनके पीछे हटने के बाद बीजेपी के सामने अजीब स्थिति पैदा हो गई है। नामांकन वापस लेने के बाद बीजेपी ने फौरन नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर से उम्मीदवार बनाया है।
यह भी पढ़ें: चढ़ावा चोरी पर BJP को घेर रहे दिग्विजय सिंह, कांग्रेस ने किनारा क्यों किया?
13 जुलाई नामांकन की आखिरी तारीख
बीजेपी ने मंगलवार को युवा विंग के नेता अभिषेक सिन्हा को उपचुनाव के लिए अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया था। बीजेपी ने उनको लेकर लिस्ट भी जारी की थी। इस सीट पर उपचुनाव 30 जुलाई को होगा और वोटों की गिनती 3 अगस्त को की जाएगी। वहीं, नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई है।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस के साथ विलय होगी शरद पवार की NCP? सुप्रिया सुले ने अब बताया
अभिषेक ने लिखा पत्र
नामांकन वापस लेने के बाद अभिषेक सिन्हा ने बिहार बीजेपी अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा, 'मुझे भारतीय जनता पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में एनडीए प्रत्याशी बनाया उसके लिए केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करता हूं। विनम्रता के साथ आपको आग्रह करना चाहता हूं कि मैं पारिवारिक कारण से विधानसभा उप चुनाव लड़ने में असमर्थ हूं।' हालांकि, उन्होंने कहा कि वह कार्यकर्ता के तौर पर बीजेपी के लिए काम करते रहेंगे।