भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तर प्रदेश में अपनी नई टीम का एलान कर दिया है। समाजवादी पार्टी से बीजेपी में आईं पूजा पाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, प्रियंका रावत और नीरज सिंह समेत कुल 19 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष रहे रोहित मिश्रा को प्रमोशन मिल गया है और अब उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया है। यूपी बीजेपी में कुल 8 महामंत्री, 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष और 19 मंत्री नियुक्त किए गए हैं। क्षेत्रीय अध्यक्षों में राम किशोर साहू, नवाब सिंह नागर और अवधेश द्विवेदी जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं।
यूपी बीजेपी में पंकज चौधरी को अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही उनकी नई टीम बनाने की कवायद जारी ही थी। हालांकि, केंद्रीय नेतृत्व की ओर से मंजूरी न मिल पाने के चलते इसमें देरी हो रही थी। अब सामने आई इस लिस्ट को देखा जाए तो यह पता चलता है कि जातिगत समीकरण का खास ध्यान रखा गया है और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के साथ-साथ दलित जातियों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।
यह भी पढ़ें: अंकुश से विपक्ष के ऑफर तक, UP में ब्राह्मण विधायकों पर मचे बवाल की पूरी कहानी
कौन-कौन बना उपाध्यक्ष?
शामली जिले की थाना भवन विधानसभा सीट से दो बार विधायक रहे सुरेश राणा प्रदेश सरकार में मंत्री थे लेकिन 2022 में अपना चुनाव हार गए थे। अब उनकी वापसी संगठन में हुई है और उन्हें उपाध्यक्ष बनाया गया है। मुरादाबाद-बिजनौर से एमएलसी सत्यपैल सैनी को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा डॉ, धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, ब्रज बहादुर, प्रियंका रावत, दुर्विजय शाक्य, रमेश सिंह, नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, शंकर गिरी, कामेकश्वर सिंह, कृतिका अग्रवाल,सुरेश मौर्य, राजेश यादव, कृष्ण बिहारी राय और आलोक गुप्ता को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
चर्चित नामों में पूजा पाल और सुरेश राणा के अलावा नीरज सिंह का भी नाम है। नीरज सिंह केंद्रीय रक्षा मंत्री
राजनाथ सिंह
के छोटे बेटे और विधायक पंकज सिंह के भाई हैं।
यह लिस्ट बता रही है कि इन 19 लोगों को अलग-अलग क्षेत्रों और अलग-अलग जातियों से चुना गया है। इसमें महिलाओं को भी मौका दिया गया है। 19 में से 4 महिला उपाध्यक्ष बनाई गई है। कुल 8 महामंत्रियों में सिर्फ एक महिला गीता शाक्य शामिल हैं। 19 मंत्रियों में 8 महिलाएं शामिल हैं। इस तरह 46 लोगों की इस टीम में 13 महिलाएं भी शामिल की गई हैं। हालांकि, 6 क्षेत्रीय अध्यक्षों में एक भी महिला का नाम शामिल नहीं है।
यह भी पढ़ें: 2027 के चुनाव में अपने सहयोगियों को 2-3 सीटें ज्यादा देगी BJP? समझिए पूरा प्लान
कौन-कौन बना क्षेत्रीय अध्यक्ष?
- पश्चिम-नवाब सिंह नागर
- ब्रज-पूरन लाल लोधी
- कानपुर-राम किशोर साहू
- अवध-अवधेश द्विवेदी
- काशी-अशोक चौरसिया
- गोरखपुर-विनोद राय
अन्य मोर्चों में भी हुआ बदलाव
अब तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष रहे रोहित मिश्रा को यूपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गा है। प्रकाश पाल को पिछड़ा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष, देवेंद्र सिंह को किसान मोर्चा, अशोक रावत को अनुसूचित जाति मोर्चा, सरोज कुशवाह को महिला मोर्चा और विद्याभूषण गोंड को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का उपाध्यक्ष बनाया गया है।