logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'अयोध्या-काशी तो झांकी है, मथुरा बाकी है’, अखिलेश को धर्म संसद का मिला न्योता

लखनऊ में विश्व हिंदू रक्षा परिषद की ओर से सपा प्रमुख के आवास सहित शहर के मुख्य स्थानों पर रविवार को होने वाली धर्म संसद के पोस्टर लगाए गए है। इसमें सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।

 UP Political news

विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने लगाए पोस्टर। (Photo Credit: Social Media)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय धर्म संसद से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर सियासत गरमा गई है। विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHRP) की ओर से राजधानी के प्रमुख चौराहों और अखिलेश यादव के आधिकारिक आवास के आसपास बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। 

 

इन पोस्टरों के जरिए सपा प्रमुख को 4 अक्टूबर को होने वाली अंतरराष्ट्रीय धर्म संसद में शामिल होने का सार्वजनिक न्योता दिया गया है। पोस्टर पर मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है।


लखनऊ में लगाए गए पोस्टरों में भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीर के साथ अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए संदेश लिखा गया है। पोस्टर में कहा गया है कि मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय धर्म संसद आयोजित की जा रही है।

 

पोस्टर में अखिलेश यादव से धर्म संसद में शामिल होकर मथुरा में मंदिर निर्माण के पक्ष में अपना समर्थन देने की अपील की गई है। इसी संदेश में उनके मुस्लिम वोटरों के बीच जाने का संदर्भ भी दिया गया है। पोस्टर के नीचे बड़े अक्षरों में लिखा गया है, ‘अयोध्या काशी तो बस झांकी है, अब केवल मथुरा ही बाकी है।’

4 अक्टूबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में धर्म संसद

आयोजकों की ओर से लगाए गए पोस्टरों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय धर्म संसद का आयोजन रविवार 4 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे से गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि कार्यक्रम में भारत समेत 21 देशों से सनातन धर्म से जुड़े संत, विद्वान और प्रतिनिधि शामिल होंगे।

 

धर्म संसद में मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर से शाही ईदगाह को हटाने और वहां भव्य कृष्ण मंदिर निर्माण का मुद्दा प्रमुख एजेंडे में रखा गया है।

 

यह भी पढ़ें: ‘उपाध्याय-पाठक-चौबे’, टिप्पणी पर घिरे रामभद्राचार्य; कोर्ट ने दिया केस का आदेश

अखिलेश के आवास के पास भी लगाए पोस्टर

VHRP की महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रियंका ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष बादल यादव की ओर से इन पोस्टरों को लगवाया गया है। राजधानी के अलग-अलग प्रमुख इलाकों और चौराहों के साथ अखिलेश यादव के आधिकारिक आवास के आसपास भी पोस्टर लगाए जाने की बात सामने आई है।

 

पोस्टरों में अखिलेश यादव को सीधे संबोधित किए जाने से यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। खासतौर पर पोस्टर में मुस्लिम वोट और ईदगाह का जिक्र किए जाने के बाद सियासी बहस और तेज हो गई है।

मथुरा के मुद्दे पर अखिलेश को घेरने की कोशिश?

धर्म संसद के आयोजन से पहले अखिलेश यादव को इस तरह सार्वजनिक पोस्टरों के जरिए आमंत्रित किए जाने को आयोजकों की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। इसके जरिए मथुरा के मंदिर मुद्दे पर सपा प्रमुख की स्थिति को लेकर राजनीतिक बहस खड़ी करने की कोशिश दिखाई दे रही है।

 

हालांकि यह आयोजकों की पहल है और पोस्टर में लगाए गए राजनीतिक संदेश उनके अपने हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से फिलहाल इस सार्वजनिक आमंत्रण और पोस्टरों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

यह भी पढ़ें: UP में शिक्षा मित्रों को झटका, स्पेशल TET में बैठने की मांग हाईकोर्ट ने ठुकराई

अयोध्या-काशी के बाद मथुरा का मुद्दा

उत्तर प्रदेश की राजनीति में अयोध्या और काशी के बाद मथुरा का मुद्दा भी लंबे समय से चर्चा में रहा है। अब लखनऊ में होने वाली धर्म संसद के जरिए इसे एक बार फिर सार्वजनिक राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाने की तैयारी है। धर्म संसद से ठीक पहले राजधानी में लगाए गए पोस्टरों ने इस मुद्दे को और चर्चा में ला दिया है। अब नजर 4 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम और उसमें उठने वाले मुद्दों पर रहेगी


और पढ़ें