logo

मूड

ट्रेंडिंग:

कथा, चुनाव की तैयारी और रामदेव का साथ, कौन हैं बाबा आलोक दास?

UP के चुनाव से पहले हो रही कथाओं में एक और चर्चित कथा के जरिए मशहूर हुए शख्स हैं महंत आलोक दास। इन्हीं आलोक दास की कथा के लिए रामदेव धीरेंद्र शास्त्री को कुंडा से गोंडा ले आए थे।

योगगुरु रामदेव, मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ महंत आलोक दास, Photo Credit: Social Media

योगगुरु रामदेव, मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ महंत आलोक दास, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले कथाओं का दौर जारी है। प्रतापगढ़ के कुंडा में हुई धीरेंद्र शास्त्री की कथा तो राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बनी। इसी दौरान एक और कथा हुई जो चर्चा में तो कम रही लेकिन मंच पर राजनीति के दिग्गज खूब नजर आए। कथा की जगह ऐसी है कि अब राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। चर्चा है कि कथा के आयोजक आलोक दास भी चुनावी तैयारी में हैं। चर्चा है कि उनके सिर पर योगगुरु रामदेव का हाथ है और उन्हीं के चलते बृजभूषण शरण सिंह से रामदेव से उनकी तल्खी भी कम हुई है।

 

राजा भैया की तरह ही आलोक दास की कथा के मंच पर भी राजनेता खूब दिखे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आते-आते रह गए वरना इस बात की चर्चा भी होनी थी कि सीएम योगी राजा भैया की कथा में नहीं गए लेकिन आलोक दास की कथा में गए। रोचक बात है कि योगी आदित्यनाथ ने राजा भैया की कथा में जाने को लेकर सहमति तो नहीं दी थी लेकिन वह आलोक दास के यहां जाने को तैयार थे। इसी बात ने आलोक दास की कथा के साथ ही उनकी राजनीतिक संभावनाओं को बल दे दिया है। 

 

यह भी पढ़ें: 'सहमति है, भरोसा है, गठबंधन तय है', पहली मीटिंग के बाद सपा-कांग्रेस का बयान

 

आलोक दास इन दिनों तो अपने गांव में आयोजित कथा में व्यस्त हैं वरना वह अक्सर योगगुरु रामदेव के साथ दिखते हैं। कहा जाता है कि रामदेव का उनके सिर पर हाथ है और यही हाथ आलोक दास को राजनीति में आगे बढ़ाने की कोशिश भी कर रहा है। यह कोशिश उसी गोंडा में हो रही है जो बृज भूषण शरण सिंह का जिला है। वही बृजभूषण सिंह जो कुछ महीने तक रामदेव के प्रखर आलोचक रहे थे। हालांकि, अब दोनों के बीच स्थिति सामान्य दिखने लगी है।

कौन हैं महंत आलोक दास?

श्रीचित्रकूट धाम बालादी ट्रस्ट के महंत आलोक दास का असली नाम आलोक कुमार पांडेय है। वह उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के जानकीनगर क्षेत्र में स्थित जयप्रभाग्राम के निवासी हैं। आलोक दास ने यह कथा अपने इसी गांव में आयोजित कराई जो 17 नवंबर से शुरू हुई और 25 नवंबर तक चलनी है। यह जयप्रभाग्राम गोंडा जिले के मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। चर्चा है कि आलोक दास का पहला दावा इसी विधानसभा सीट पर है। 

 

फिलहाल, मेहनौन से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विनय कुमार द्विवेदी लगातार दो बार से विधायक हैं। वह भी आलोक दास के यहां आयोजित इस कथा में पहुंचे थे और राजन महाराज के आशीर्वाद लिए थे। उनका दूसरा दावा तरबगंज विधानसभा सीट पर भी बताया जा रहा है। यह सीट भी बीजेपी के कब्जे में है और लगातार दो बार से बीजेपी के प्रेम नारायण पांडे यहां से चुनाव जीत रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा', UP की सत्ता में मुस्लिमों की हिस्सेदारी का सच क्या?

 

दोनों ही सीटों पर बीजेपी की स्थिति मजबूत है और दोनों ही सीटों पर उसके विधायक दो-दो बार से चुनाव जीत रहे हैं। ऐसे में आलोक दास की डगर इतनी भी आसान नहीं है। हालांकि, कथा के जरिए किए गए शक्ति प्रदर्शन और योगगुरु रामदेव के आशीर्वाद के चलते आलोक दास को यह उम्मीद जरूर है कि वह अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत 2027 में ही कर पाएंगे।

 

CM योगी को न्योता देने पहुंचे थे आलोक दास
CM योगी को न्योता देने पहुंचे थे आलोक दास

 

कथा में कौन-कौन पहुंचा?

इसी कथा में रामदेव कुंडा में कथा कह रहे धीरेंद्र शास्त्री को लेकर आए थे। वह कुंडा से हेलिकाप्टर से धीरेंद्र शास्त्री को लेकर आए थे और फिर उसी से उन्हें वापस छोड़ दिया था। धीरेंद्र शास्त्री के अलावा, योगी आदित्यनाथ के बेहद खास सतुआ बाबा, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव जैसे नेता भी इस कथा में शामिल हो चुके हैं। रोचक बात है कि ज्यादातर बड़ी हस्तियों के आने पर खुद रामदेव भी मौजूद रहे हैं।

 

बता दें कि इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रित किया गया। उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति भी दे दी थी लेकिन गोंडा के लिए रवाना होने से कुछ घंटे पहले ही उनकी मां का निधन हो गया और उस दिन उनके सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए। आलोक दास ने बाबा रामदेव के साथ जाकर खुद योगी आदित्यनाथ को इसका न्योता दिया था।

 

राजन महाराज के साथ आलोक दास
राजन महाराज के साथ आलोक दास

 

 

यह भी पढ़ें: PDA की काट या ठाकुरों की गोलबंदी? राजा भैया की रामकथा पर सियासी शोर

मेहनौन में बदल जाएगा समीकरण?

मेहनौन विधानसभा में ही छात्र नेता शिवम पांडे भी खूब सक्रिय हैं। निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर शिवम पांडे लगातार जन संपर्क कर रहे हैं और लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे पार्टी को नहीं प्रत्याशी को देखें। एक सुगबुगाहट यह भी है कि खुद को टिकट ना मिलने की स्थिति में आलोक दास शिवम पांडे के समर्थन में उतरकर समीकरण बदलने की कोशिश भी करते हैं।

 

बता दें कि 2008 के परिसीमन के बाद बनी इस सीट पर नंदिता शुक्ला समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक बनी थीं। वह पूर्व मंत्री घनश्याम शुक्ला की विधवा हैं। यह वही घनश्याम शुक्ला हैं जिनकी हत्या के आरोप में बृजभूषण सिंह जेल गए थे और अटल बिहारी वाजपेयी भी उनसे नाराज हो गए थे। हालांकि, बाद में वह बरी हो गए। 2017 में सपा में नंदिता शुक्ला की जगह उनके बेटे राहुल शुक्ला को टिकट मिला और वह बीजेपी के विनय द्विवदी से चुनाव हार गए। 2022 में फिर नंदिता शुक्ला ही चुनाव लड़ीं लेकिन वह चुनाव हार गईं। 

 

ऐसे में आलोक दास और शिवम पांडे जैसे नेताओं की दावेदारी ने हर दल की धड़कनें बढ़ा दी हैं। आलोक दास ने कथा के जरिए माहौल बनाने की कोशिश की है। वहीं, नंदिता शुक्ला के बेटे राहुल शुक्ला और स्थानीय विधायक विनय कुमार द्विवेदी भी क्षेत्र में खूब सक्रिय हैं। 

Related Topic:#UP News

और पढ़ें