ममता बनर्जी पर जमकर बरस रहे राहुल गांधी को इन दिनों बीजेपी थैंक्यू बोल रही है। बीजेपी बंगाल ने राहुल गांधी के कई वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल से शेयर भी किए हैं।
राहुल गांधी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। संसद में नेता प्रतिपक्ष हैं। विपक्षी गठबंधन के प्रमुख नेता हैं इसके बावजूद इन दिनों सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) उन्हें थैंक्यू बोल रही है। इसकी वजह हैं दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और पश्चिम बंगाल की मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी। राहुल गांधी इन दिनों इन दोनों ही नेताओं पर हमलावर हैं और बीजेपी इससे बहुत खुश है। सोशल मीडिया पर बीजेपी ही राहुल गांधी के उन वीडियो को शेयर कर रही है जिनमें राहुल पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी को घेर रहे हैं।
इससे पहले ममता बनर्जी को लेकर की गई राहुल गांधी की टिप्पणी से TMC हैरान हो गई है। INDIA गठबंधन में एक-दूसरे की साथी टीएमसी और कांग्रेस बंगाल में एक-दूसरे के खिलाफ हैं। अब राहुल गांधी आरोप लगा रहे हैं कि ममता बनर्जी ने ही बीजेपी को पश्चिम बंगाल में पनपने दिया। राहुल के इस बयान पर भी बीजेपी ने मजे लिए थे और कहा था कि राहुल गांधी मान रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी आ रही है। यही वजह है कि अब टीएमसी के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने कह दिया है कि राहुल गांधी बीजेपी की दलाली कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'बंगाल में खुल गया BJP का रास्ता,' राहुल गांधी ने ऐसा क्यों बोल दिया?
ममता पर राहुल का हमला, BJP बोली- थैंक्यू
बीजेपी ने 26 अप्रैल को राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर करके लिखा है, 'राहुल जी एकबार फिर से धन्यवाद! इन्होंने भी माना है कि पश्चिम बंगाल से 6688 कंपनियोां छोड़कर भाग गईं और जो कुछ नौकरियां बची हैं वे सिर्फ टीएमसी के गुंडों को मिलती हैं और भ्रष्ट लोग ही शासन चलाते हैं।'
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि राहुल गांधी ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहते हैं, 'बंगाल में किसी को रोजगार चाहिए तो टीएमसी में कोई न कोई रिश्तेदारी होनी चाहिए, वरना नहीं मिलने वाला। वह पूरा का पूरा काम टीएमसी के गुंडों के लिए और टीएमसी के लोगों के लिए करती हैं और जनता की कोई मदद नहीं करती हैं।'
यह भी पढ़ें: 'मुझे भरोसा ही नहीं है', जज स्वर्ण कांता नहीं हटीं, केजरीवाल का पेशी से इनकार
इससे पहले 23 अप्रैल को राहुल गांधी ने एक वीडियो शेयर किया था। इसी वीडियो को शेयर करते हुए बंगाल बीजेपी ने अपने X हैंडल पर लिखा था, 'राहुल गांधी टीएमसी के बारे में सच्चाई वाले बम गिरा रहे हैं। शुक्रिया राहुल जी।' इस वीडियो में राहुल गांधी ने कहा है, 'अगर ममता जी ने साफ-सुथरी सरकार चलाई होती, अगर ममता जी ने बंगाल को पोलराइज नहीं किया होता तो बीजेपी के लिए रास्ता नहीं खुलता।'
राहुल के हमलों से बेचैन हुई TMC
माना जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस के लिए इस बार का चुनाव बेहद कठिन है। कांग्रेस इस बार अकेले ही चुनाव में उतरी है और चुनाव के आखिरी वक्त में राहुल गांधी ने जोर लगाया है। हालांकि, यह भी माना जा रहा है कि कांग्रेस इस बार कुछ सीटों को छोड़कर बाकी जगहों पर सिर्फ अपनी जमीन तैयार करने और वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए ही चुनाव में है। वह यह देखना चाहती है कि अकेले लड़ने में उसे क्या फायदा या नुकसान हो सकता है। ऐसे में राहुल गांधी के अचानक आक्रामक हो जाने से टीएमसी की बेचैनी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: अमित शाह ने ऐसा क्या बोल दिया कि ममता बनर्जी ने लीगल केस करने की बात कह डाली
राहुल गांधी सीधे-सीधे नाम लेकर ममता बनर्जी, उनकी पार्टी और उनकी सरकार पर लगभग वैसे ही आरोप लगा रहे हैं जैसे कि बीजेपी लगाती है। राहुल गांधी ने कई रैलियों में आरोप लगाए कि टीएमसी के नेता गुंडई करते हैं, भ्रष्टाचार करते हैं और ममता बनर्जी सिर्फ टीएमसी के गुंडों के लिए काम करती हैं। यही वजह है कि टीएमसी के नेता तिलमिलाए हुए हैं और अब कई नेता राहुल गांधी के आरोपों पर जवाब भी देने लगे हैं।
केजरीवाल पर क्या बोले राहुल गांधी?
शुरुआत से ही अरविंद केजरीवाल के धुर विरोधी रहे राहुल गांधी ने AAP में हुई बगावत के बहाने केजरीवाल पर तंज कसा है। राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें वह कह रहे हैं, 'उन्होंने एक नए तरीके की राजनीति की बात की थी। याद है आपको कि खंभे पर चढ़ गए थे। मैं राजनीति दूसरे तरीके से करूंगा कह रहे थे। खंभे पर चढ़ गए थे, स्वेटर पहना था। छोटी गाड़ी थी, कौन सी थी- वैगनार। वैगनार में आए थे। वैगनार में आए और सीधे शीशमहल के पार्किंग लॉट में चले गए।'
केजरीवाल को आड़े हाथ लेते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'करोड़ों रुपये का घर, भ्रष्टाचार, प्रदूषण। जो शीला जी ने इन्फ्रास्ट्रक्चर बनाया था। सड़कें बनाई थीं, पुल बनाए थे, फ्लाइओवर बनाए थे, विकास का काम किया था, उस सबको इन्होंने खत्म कर दिया है।'