आरक्षण के मुद्दे पर बिहार की सियासत में नया विवाद खड़ा हो गया है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने ही सहयोगी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के इस्तीफे की मांग कर दी है। इतना ही नहीं, चिराग ने मांझी के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन से भी पद छोड़ने को कहा है। दोनों नेताओं के बीच आरक्षण में क्रीमी लेयर को लेकर पिछले कुछ समय से बयानबाजी चल रही है।
चिराग पासवान ने कहा कि अगर जीतन राम मांझी आरक्षण में क्रीमी लेयर की व्यवस्था लागू करने की बात कर रहे हैं तो उन्हें पहले अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने संतोष कुमार सुमन के इस्तीफे की भी मांग की। चिराग के इस बयान के बाद आरक्षण के मुद्दे पर NDA के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।
यह भी पढ़ें: 'जहां मल्लिकार्जुन खड़गे गए, वहीं शुद्धीकरण', PM से क्या चाहते हैं राहुल गांधी?
चिराग पासवान ने क्या कहा?
चिराग पासवान ने कहा, 'अगर आरक्षण का संवैधानिक आधार बदलना है तो संविधान ही बदल दीजिए। सभी लोग लोकसभा में आएं और संविधान में बदलाव करें। उन्होंने साफ किया कि आरक्षण का आधार सामाजिक है, खासकर समाज में छुआछूत का मुद्दा।' उन्होंने कहा कि वह तथाकथित ऊंचे वर्ग के आरक्षण की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को मिलने वाले आरक्षण की बात कर रहे हैं। जब इन वर्गों के आरक्षण में क्रीमी लेयर लागू करने की बात होती है तो उनका कहना है कि अगर किसी को लगता है कि क्रीमी लेयर होनी चाहिए, तो पहले वे खुद आरक्षण का लाभ लेना बंद करें।
जीतन राम मांझी पर चिराग पासवान का बयान
जीतन राम मांझी के बयान पर चिराग पासवान ने कहा कि अगर उन्हें लगता है कि क्रीमी लेयर जैसे उपाय लागू होने चाहिए तो क्या उन्हें पहले इस्तीफा नहीं देना चाहिए? उन्होंने कहा कि मांझी खुद भी इस क्रीमी लेयर के दायरे में आएंगे। इसलिए उन्हें इस्तीफा देना चाहिए और उनके बेटे, जो यहां मौजूद हैं, उन्हें भी इस्तीफा दे देना चाहिए।
यह भी पढ़ें: बाबा रामदेव ने कंगना को दिया कैसा ऑफर? सारा गुस्सा एक झटके में हुआ शांत
जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद बढ़ी बयानबाजी
आरक्षण को लेकर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के बीच मतभेद लगातार बढ़े हैं। दोनों नेता अलग-अलग मौकों पर आरक्षण और क्रीमी लेयर को लेकर अपनी राय जाहिर कर चुके हैं। शनिवार सुबह मांझी के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बिना नाम लिए चिराग पासवान पर निशाना साधा। इसके बाद चिराग ने पलटवार करते हुए सीधे जीतन राम मांझी और संतोष कुमार सुमन का नाम लिया और दोनों के इस्तीफे की मांग कर दी।