बहुजन समाज पार्टी में आकाश आनंद को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी से पूरी तरह मुक्त किए जाने के बाद आकाश आनंद ने बसपा सुप्रीमो मायावती को भावुक चिट्ठी लिखकर माफी मांगी है और दोबारा उनके नेतृत्व में काम करने की इच्छा जताई है। आकाश ने मायावती को अपनी ‘बुआ मां’, राजनीतिक गुरु और प्रेरणा बताते हुए दूसरी किसी पार्टी में जाने की अटकलों को भी खारिज कर दिया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मायावती आकाश की इस भावुक अपील के बाद अपना फैसला बदलेंगी? 9 अक्टूबर को कांशीराम की पुण्यतिथि के मौके पर आकाश की वापसी को लेकर पार्टी के भीतर और बाहर चर्चा तेज है। आकाश आनंद की चिट्ठी का सबसे अहम हिस्सा उनका दोबारा बीएसपी में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह है।
मायावती से माफी मांगते हुए कहा कि वह उनके नेतृत्व में पार्टी और बहुजन मिशन के लिए काम करना चाहते हैं। आकाश ने भरोसा दिलाया है कि अगर उन्हें दोबारा मौका मिलता है तो वह अपने काम और आचरण के जरिए मायावती का विश्वास फिर हासिल करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने साफ किया कि बीएसपी उनके लिए केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि परिवार है।
दूसरी पार्टी में जाने की अटकलों को किया खारिज
आकाश ने उन चर्चाओं को भी खारिज किया है, जिनमें उनके किसी दूसरे राजनीतिक दल में जाने की बात कही जा रही थी। उनका कहना है कि वह न तो आज किसी दूसरी पार्टी में जा रहे हैं और न ही भविष्य में ऐसा करेंगे। उन्होंने मायावती को अपनी राजनीतिक गुरु बताते हुए उनके साथ ही बहुजन मिशन के लिए काम करने की इच्छा जाहिर की है। यही वजह है कि उनकी चिट्ठी को सिर्फ सफाई नहीं, बल्कि दोबारा बीएसपी में सक्रिय होने की राजनीतिक अपील के तौर पर भी देखा जा रहा है।
अशोक सिद्धार्थ के मामले में भी सफाई
आकाश ने अपनी चिट्ठी में अपने ससुर और बीएसपी के वरिष्ठ नेता रहे अशोक सिद्धार्थ के खिलाफ मायावती की कार्रवाई को लेकर भी अपना रुख साफ किया है। उन्होंने मायावती के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि व्यक्तिगत रिश्तों से ऊपर पार्टी और बहुजन मिशन का हित है। दरअसल, मायावती की ओर से अशोक सिद्धार्थ के खिलाफ कार्रवाई के दौरान आकाश ने मायावती की सोशल मीडिया पोस्ट को रिपोस्ट नहीं किया था। आकाश का कहना है कि उस समय वह सोशल मीडिया से दूर थे। अगर उनकी चुप्पी से मायावती को ठेस पहुंची तो उन्होंने इसके लिए माफी मांगी है।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव में BJP का नौवां दांव, सपा के तीसरे पर्चे से बढ़ा सियासी रोमांच
कई बार बदली आकाश की राजनीतिक भूमिका
मायावती और आकाश आनंद के राजनीतिक रिश्तों में पहले भी कई उतार-चढ़ाव आ चुके हैं। वर्ष 2024 में मायावती ने आकाश को राष्ट्रीय संयोजक और अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी पद से हटाते हुए कहा था कि उन्हें राजनीतिक रूप से और परिपक्व होने की जरूरत है। बाद में उन्हें फिर जिम्मेदारी दी गई। मार्च 2025 में भी आकाश को पार्टी की जिम्मेदारियों से हटाया गया और बाद में उनकी वापसी हुई।
मई 2025 में उन्हें फिर बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई। इस साल 3 सितंबर को मायावती ने आकाश को राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी से हटाया और 10 सितंबर को उन्हें पार्टी से पूरी तरह मुक्त करने का ऐलान कर दिया। मायावती ने उस दौरान आकाश की राजनीतिक परिपक्वता और पार्टी हित को लेकर सवाल उठाए थे।
9 अक्टूबर पर क्यों टिकी नजर?
9 अक्टूबर कांशीराम की पुण्यतिथि है। बीएसपी के लिए यह तारीख बेहद अहम मानी जाती है। ऐसे में आकाश की भावुक चिट्ठी के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या कांशीराम की पुण्यतिथि पर मायावती कोई बड़ा फैसला ले सकती हैं। अभी तक आकाश आनंद की वापसी को लेकर मायावती की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसलिए 9 अक्टूबर को वापसी की बात फिलहाल राजनीतिक संभावना और अटकलों तक सीमित है।
ईशान आनंद को जिम्मेदारी मिलने से बढ़ा सस्पेंस
आकाश की वापसी की चर्चा के बीच उनके छोटे भाई ईशान आनंद की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। सितंबर में मायावती ने ईशान आनंद को बीएसपी का राष्ट्रीय संयोजक बनाया था। यही जिम्मेदारी पहले आकाश आनंद के पास थी।ईशान ने जिम्मेदारी मिलने के बाद मायावती का आभार जताया था और कांशीराम व डॉ. आंबेडकर के मिशन को आगे बढ़ाने की बात कही थी। इससे बीएसपी में परिवार से जुड़े संगठनात्मक समीकरण को लेकर भी चर्चा शुरू हुई।अगर आकाश की वापसी होती है तो सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि ईशान और आकाश को संगठन में किस तरह की जिम्मेदारी दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: BJP का झंडा उतारा, अखिलेश से मिले; अब सपा से चुनाव लड़ेंगे संजयन
क्या बुआ मां फिर देंगी आकाश को मौका?
एक तरफ आकाश आनंद ने सार्वजनिक रूप से मायावती से माफी मांगकर दोबारा काम करने का मौका मांगा है। दूसरी तरफ मायावती पहले भी उन्हें बड़ी जिम्मेदारियों से हटाकर दोबारा जिम्मेदारी दे चुकी हैं। हाल ही में ईशान आनंद को महत्वपूर्ण संगठनात्मक भूमिका मिलने से समीकरण और दिलचस्प हो गया है। फिलहाल आकाश ने अपना रुख साफ कर दिया है कि वह किसी दूसरी पार्टी में नहीं जाना चाहते और मायावती के नेतृत्व में ही बीएसपी, बहुजन मिशन के लिए काम करना चाहते हैं। अब फैसला मायावती को करना है। 9 अक्टूबर को कांशीराम की पुण्यतिथि पर आकाश की वापसी होगी या नहीं, इस पर अभी आधिकारिक मुहर नहीं लगी है, लेकिन उनकी भावुक चिट्ठी ने बीएसपी की सियासत में नई हलचल जरूर पैदा कर दी है।