अगर अयोध्या में रामलला से मिले अखिलेश तो बुरे फसेंगे, 'अपने' देने लगे नसीहत?
अखिलेश यादव अयोध्या का दौरा कर सकते हैं। पवन पांडेय ने उनके बारे में यह दावा किया। अब इसी दावे पर सियासी हंगामा बरपा है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव। Photo Credit- PTI
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अखिलेश यादव
अयोध्या जा सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी समर्थक संतों ने जब से यह खबर सुनी है, अखिलेश यादव की आलोचना पर उतर आए हैं। कोई कारसेवकों पर गोली चलाने का मुद्दा उठा रहा है, कोई समाजवादी पार्टी को मुस्लिम परस्त बता रहा है। समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव की यात्रा पर आधिकारिक एलान भी नहीं किया है लेकिन उससे पहले, अखिलेश यादव मुसीबत में फंसते नजर आ रहे हैं।
मुस्लिम नेताओं का एक धड़ा, अखिलेश यादव की इस यात्रा के गैर आधिकारिक एलान से असहज हो गया है। असहज होने वाले नेताओं में मुस्लिम विधायकों से लेकर सांसद तक शामिल हैं। असहज होने की वजह से पुराना इतिहास है। जहां आज राम मंदिर है, वहां बाबरी मस्जिद थी।
मुस्लिम नेता बार-बार दावा करते हैं कि बाबरी मस्जिद को शहीद कर राम मंदिर की नींव रखी गई है। अखिलेश यादव, राम लला के पक्ष में फैसला आने से लेकर मंदिर के बन जाने तक, कभी अयोध्या में जन्मभूमि के दर्शनों के लिए गए नहीं हैं। नया एलान उन्हें मुसीबत में डालता नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें: UP में BJP से ज्यादा समाजवादी पार्टी पर हमलावर क्यों हैं असदुद्दीन ओवैसी?
क्यों लग रहीं हैं राम लला के दर्शन की अटकलें?
एजेंडा आजतक में समाजवादी पार्टी के नेता पवन पांडेय ने दावा किया था कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या में आएंगे। सपरिवार हनुमान गढ़ी और रामलला के दर्शन करेंग। वह संतों और साधुओं से मिलेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे। खुद अखिलेश यादव ने PDA की परिभाषा बताते हुए कहा था कि 'पहले दर्शन फिर आशीर्वाद।' उनके आलोचकों का कहना है कि अखिलेश यादव, किस मुंह से अयोध्या जाना चाहते हैं, जबकि उनके पिता की सरकार में राम मंदिर सेवकों पर गोलियां चलाई गईं हैं।
अखिलेश यादव पर क्यों सियासत छिड़ी है?
अयोध्या में राम मंदिर और रामलला के दर्शन को लेकर अखिलेश यादव के संभावित रुख पर राजनीतिक गलियारों और पार्टी के भीतर अलग-अलग राय सामने आ रही है। चर्चा इस बात पर टिकी है कि मंदिर जाने या न जाने का असर समाजवादी पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक पर किस तरह पड़ेगा। क्या यह रणनीति, समाजवादी पार्टी को और तो नहीं उलझा देगी।
पार्टी के एक धड़े और कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अखिलेश अयोध्या जाकर दर्शन करते हैं तो मुस्लिम वोटर निराश हो सकते हैं। अखिलेश यादव अभी तक रामलला के मंदिर नहीं गए, राम मंदिर को लेकर उत्साहित टिप्पणी नहीं की है। अलग बात है कि वह राम मंदिर में हुए कथित चोरी कांड को लेकर बीजेपी को घेरते रहे हैं।
https://twitter.com/cameraman_r/status/2120757455412203521
अखिलेश यादव इन दिनों सॉफ्ट हिंदुत्व की राजनीति कर रहे हैं, जो उनकी परंपरागत छवि से बिलकुल अलग है। वह दुविधा में फंसते नजर आ रहे हैं। एक वर्ग है जो मानता है कि उनका धार्मिक स्थलों से दूरी बनाना, नुकसानदायक हो सकता है। समाजवादी पार्टी इसे निजी आस्था का विषय बताकर किनारा कर रही है लेकिन अल्पसंख्यक वर्ग की असहजता अब खुलकर दिख भी रही है।
यह भी पढ़ें: 'समाजवादी पार्टी का नाम समाजवादी यादव परिवार रख दें', अखिलेश यादव पर बरसे ओवैसी
सपा के भीतर क्या है चिंता?
पार्टी एक प्रवक्ता ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि अखिलेश यादव को इस मुद्दे पर सावधानी बरतनी चाहिए। उनका तर्क है कि BJP के हिंदुत्व के एजेंडे की पिच पर खेलने से समाजवादी पार्टी को राजनीतिक नुकसान हो सकता है। इससे पार्टी की धर्मनिरपेक्ष छवि भी प्रभावित हो सकती है। मुसलमान, ओवैसी की ओर रुख कर सकते हैं। राम मंदिर बनने के बाद दूसरे दलों की चुप्पी से अल्पसंख्यक वोटर नाराज हैं। समाजवादी पार्टी ने रणनीति के तौर पर अब तक इस मामले में चुप्पी साधी थी। अब अखिलेश यादव भी हिंदुत्व की पिच पर आगे बढ़ रहे हैं, जिससे अल्पसंख्यक वर्ग निराश है।
https://twitter.com/Sudhir_mish/status/2120818105849151535
वहीं कुछ राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुसंख्यक समाज के एक बड़े वर्ग को जोड़ने के लिए धार्मिक स्थलों से दूरी बनाना घाटे का सौदा हो सकता है। इस सोच के मुताबिक मंदिर जाने से BJP के उस आरोप की धार कुंद होगी, जिसमें समाजवादी पार्टी को राम विरोधी बताया जाता है।
अखिलेश और सपा का रुख क्या रहा है?
अखिलेश यादव और सपा के वरिष्ठ प्रवक्ताओं ने इस विषय पर कहा है कि आस्था व्यक्तिगत मामला है। उनके मुताबिक अखिलेश यादव जब चाहेंगे, परिवार के साथ दर्शन करने जाएंगे। समाजवादी पार्टी का कहना है कि वह BJP के राजनीतिक कार्यक्रमों का हिस्सा बनने के बजाय अपनी सुविधा से धार्मिक यात्रा करेगी। पार्टी का मुख्य फोकस महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर है।
https://twitter.com/Mohiteksoch/status/2120785704209076591
BJP क्या कह रही है?
BJP नेताओं ने इसे समाजवादी पार्टी का दोहरा चरित्र और वोट बैंक की राजनीति बताया है। पार्टी का कहना है कि तुष्टिकरण की राजनीति के दबाव में अयोध्या जाने से हिचक रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उन्हें कई बार राम मंदिर में दर्शन करने की चुनौती दे चुके हैं।
https://twitter.com/cameraman_r/status/2121109090449719455
यह भी पढ़ें: 'अखिलेश को CM बनाएंगे', BJP छोड़ सपा में आने पर क्या बोले पूर्व मंत्री राम आसरे?
राम मंदिर यात्रा से असहज क्यों है?
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर, समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा, 'जहां तक मुझे पता है, अभी तक कोई आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। इसलिए, इस पर कुछ कहना उचित नहीं होगा। चाहे पंकज चौधरी हों, योगी जी हों या मोदी जी, ऐसा लगता है कि उनके पास लोगों की आस्था से खिलवाड़ करने और उन्हें असली मुद्दों से भटकाने के अलावा कोई और एजेंडा नहीं है। वे जानबूझकर ऐसा काम करते हैं जिससे भ्रम पैदा हो और जनता का ध्यान कहीं और भटक जाए।'
जिया उर रहमान बर्क ने कहा, 'समाजवादी पार्टी न तो यूपी सरकार में और न ही केंद्र में सत्ता में है, लेकिन जो लोग सत्ता में हैं, उन्हें अपना ध्यान इन मामलों से हटाकर जनहित के मुद्दों पर लगाना चाहिए। हम ऐसे मुद्दों पर काम कर सकते हैं जिनसे वास्तव में जनता को फायदा हो और देश के विकास में तेजी आए।'
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




