जल्द साल 2025 का फरवरी महीना शुरू होने वाला है और आध्यात्मिक दृष्टि से यह महीना बहुत ही महत्वपूर्ण रहने वाला है। बता दें कि फरवरी माह में कई महत्वपूर्ण त्योहार रखे जाएंगे, जिनका अपना एक विशेष महत्व है। वैदिक पंचांग के अनुसार, इस महीने में बसंत पंचमी, जया एकादशी और महाशिवरात्रि जैसे बड़े और महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार मनाए जाएंगे। आइए जानते हैं फरवरी 2025 के व्रत-त्योहारों की सूची।
फरवरी 2025 व्रत-त्योहार सूची
- 1 फरवरी 2025, शनिवार - विनायक चतुर्थी
यह दिन भगवान गणेश की उपासना के लिए समर्पित है। इस दिन व्रत रखने से सभी विघ्न दूर होते हैं और सुख-समृद्धि मिलती है।
- 2 फरवरी 2025, रविवार - बसंत पंचमी
इस दिन मां सरस्वती की पूजा की जाती है। मान्यता है कि माता सरस्वती विद्या, ज्ञान और कला की देवी हैं और उनकी उपासना से व्यक्ति को सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
- 4 फरवरी 2025, मंगलवार - नर्मदा जयंती
यह नर्मदा नदी की उत्पत्ति का पावन दिन है। इस दिन नर्मदा नदी में स्नान और पूजा का विशेष महत्व है।
- 8 फरवरी 2025, शनिवार - जया एकादशी
जया एकादशी व्रत पापों से मुक्ति और मोक्ष की प्राप्ति के लिए किया जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की विशेष उपासना की जाती है।
यह भी पढ़ें: भगवान शिव के पहले 7 शिष्य, जिन्होंने किया था ज्ञान का प्रसार
- 9 फरवरी 2025, रविवार - प्रदोष व्रत (शुक्ल पक्ष, द्वादशी)
इस दिन भगवान शिव की उपासना का विधान है। मान्यता है इस दिन व्रत का पालन करने से जीवन में सुख-शांति और आरोग्यता प्राप्त होती है।
- 12 फरवरी 2025, बुधवार - माघ पूर्णिमा, कुंभ संक्रांति, गुरु रविदास जयंती
माघ पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में स्नान-दान और पूजा-पाठ का विशेष महत्व है। साथ ही ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, कुंभ संक्रांति के दिन सूर्य के कुंभ राशि में प्रवेश का दिन है। इसे आध्यात्मिक ऊर्जा का दिन माना जाता है। इसके साथ गुरु रविदास जयंती, संत रविदास जी की जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है।
- 13 फरवरी 2025, गुरुवार - फाल्गुन माह शुरू
इस दिन से फाल्गुन मास आरंभ होता है। यह महीना पूजा-पाठ और स्नान-दान के लिए विशेष महत्व रखता है।
- 16 फरवरी 2025, रविवार - द्विजप्रिय संकष्टी चतुर्थी
यह दिन भगवान गणेश की उपासना के लिए समर्पित दिन है। इस विशेष दिन पर चंद्र दर्शन और भगवान गणेश की पूजा करने से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
- 20 फरवरी 2025, गुरुवार - शबरी जयंती
भगवान श्री राम की भक्त शबरी की भक्ति में लीन माता शबरी की श्री राम से भेंट हुई थी। इस दिन को श्रद्धा और सेवा का प्रतीक माना जाता है।
- 21 फरवरी 2025, शुक्रवार - जानकी जयंती
जानकी जयंती पर्व माता सीता की उपासना का दिन है। इस विशेष दिन पर देवी सीता की पूजा कर उनका आशीर्वाद लिया जाता है।
- 24 फरवरी 2025, सोमवार - विजया एकादशी
यह एकादशी विजय प्राप्ति और पापों से मुक्ति के लिए है। भगवान विष्णु की आराधना का यह विशेष दिन है।
यह भी पढ़ें: बिना तुलसी के नहीं मिलता एकादशी पूजा का फल, इस कथा से जानें कारण
- 25 फरवरी 2025, मंगलवार - प्रदोष व्रत (कृष्ण पक्ष, द्वादशी)
प्रदोष व्रत भगवान शिव की उपासना के लिए समर्पित है। मान्यता है कि इस विशेष दिन पर व्रत का पालन करने से व्यक्ति को आरोग्यता और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
- 26 फरवरी 2025, बुधवार - महाशिवरात्रि
सनातन धर्म में महाशिवरात्रि व्रत का विशेष महत्व है। पौराणिक कथा के अनुसार, इस विशेष दिन पर भगवान शिव और माता पार्वती विवाह के परिणय सूत्र में बंधे थे। मान्यता है कि इस विशेष दिन पर पूजा-पाठ करने से व्यक्ति को सुख-समृद्धि का लाभ प्राप्त होता है।
- 27 फरवरी 2025, गुरुवार - फाल्गुन अमावस्या
प्रत्येक मास में पड़ने वाली अमावस्या तिथि का विशेष महत्व है। इस विशेष दिन पर पितरों का तर्पण और दान करने से लाभ प्राप्त होता है।
Disclaimer- यहां दी गई सभी जानकारी सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं। Khabargaon इसकी पुष्टि नहीं करता।