logo

मूड

ट्रेंडिंग:

गोवर्धन पूजा और अन्नकूट पर्व कल, ज्योतिषियों ने दूर किया संशय 

कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा में चंद्र दर्शन के कारण आज सोमवार को गोवर्धन पूजा नहीं होगी। अन्नकूट पर्व भी कल मंगलवार को मनाया जाएगा। ज्योतिषियों ने इस विषय में संशय दूर किया है। 

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit-Chat GPT

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit-Chat GPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

इस वर्ष दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा की तारीख को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सामान्य तौर पर दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा और अन्नकूट पर्व मनाया जाता है लेकिन इस बार तिथि की गणना और चंद्र दर्शन से जुड़े ज्योतिषीय नियम के चलते पर्व 10 नवंबर को मनाया जाएगा।

 

कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर करीब 12:31 बजे शुरू हो चुकी है, जो 10 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे तक रहेगी। इसके बावजूद 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा नहीं की जाएगी। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, प्रतिपदा तिथि में चंद्र दर्शन होने की स्थिति में उस दिन गोवर्धन पूजा करना निषिद्ध माना गया है। इसी कारण मंगलवार, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। 

क्या है इस बार तारीख बदलने का ज्योतिषीय कारण?

हिंदू पंचांग में किसी भी पर्व की तिथि निर्धारित करने के लिए केवल तिथि का आरंभ और समापन देखना पर्याप्त नहीं होता। सूर्योदय के समय कौन-सी तिथि विद्यमान है, चंद्र दर्शन की स्थिति क्या है और संबंधित पर्व के लिए कौन-सा धर्मशास्त्रीय नियम लागू होता है, इन सभी बातों को ध्यान में रखा जाता है।

 

यह भी पढ़ें: हिंदू धर्म ही नहीं इन 3 धर्मों के लिए भी बेहद खास है दिवाली, जानें क्या है वजह?

 

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध ज्योतिषी पंडित गोपाल कृष्ण शास्त्री का कहना है कि इस बार प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर बाद शुरू हो रही है लेकिन इसी तिथि में चन्द्रोदय हो रहा है, जिसमे गोवर्धन पूजा की मनाही है। उन्होंने बताया कि सामन्यतः कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को ही गोक्रीड़ा एवं गोवर्धन पूजा, अन्नकूट पर्व मनाए जाते हैं। परन्तु शास्त्र वचनानुसार जिस प्रतिपदा तिथि में चन्द्र दर्शन होने कि सम्भावना हो, तो उस द्वितीया-युता प्रतिपदा में गो क्रीड़ा, गोवर्धन पूजा, अन्नकूट एवं बलि पूजा आदि कृत्य नहीं करने चाहिए। ऐसा करने से पुत्रादि का क्षय, धन हानि एवं ताज्ज का क्षय होने का भय होता है। उस स्थिति में अमावस युक्त प्रतिपदा को ही ये पर्व मनाए जाएंगे। 

सुबह 6:44 से 8:52 बजे तक पूजा का शुभ मुहूर्त

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के लिए उपलब्ध पंचांग गणना के अनुसार, 10 नवंबर को सुबह 6:44 बजे से 8:52 बजे तक गोवर्धन पूजा का प्रातःकालीन शुभ मुहूर्त रहेगा। अलग-अलग स्थानों पर सूर्योदय के समय में अंतर के कारण मुहूर्त में कुछ मिनटों का अंतर हो सकता है। 

 

यह भी पढ़ें: बेटी के आंसुओं का असर: मीलों दूर तैनात मां का 24 घंटे में घर के पास तबादला

भगवान श्रीकृष्ण ने उठाया था गोवर्धन पर्वत

गोवर्धन पूजा का संबंध भगवान श्रीकृष्ण की उस लीला से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था। पौराणिक मान्यता के अनुसार, ब्रजवासी पहले वर्षा के देवता इंद्र की पूजा करते थे। बालकृष्ण ने उन्हें समझाया कि उनके जीवन और आजीविका का आधार गोवर्धन पर्वत, प्रकृति, गौवंश और खेती-किसानी है। इसलिए उन्हें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए।

 

इस बात से नाराज होकर देवराज इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी। लगातार बारिश से ब्रजवासियों को बचाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुली पर उठा लिया। सात दिनों तक ब्रजवासी और उनके पशु पर्वत के नीचे सुरक्षित रहे। अंततः इंद्र को अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने श्रीकृष्ण की महिमा स्वीकार की। इसी प्रसंग की स्मृति में हर वर्ष कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा की जाती है।

अन्नकूट में लगता है छप्पन भोग

गोवर्धन पूजा को अन्नकूट पर्व के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के पकवान, मिठाइयां, अनाज और मौसमी व्यंजन अर्पित किए जाते हैं। कई मंदिरों में छप्पन भोग लगाने की परंपरा है। घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर उसकी पूजा की जाती है। इसके साथ गायों और बैलों का पूजन भी किया जाता है। कई स्थानों पर गोवर्धन की परिक्रमा करने की परंपरा है। 

 

अन्नकूट का धार्मिक संदेश केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है। यह पर्व अन्न, कृषि, पशुधन और प्रकृति के महत्व को भी रेखांकित करता है। किसानों और पशुपालकों के लिए इसका विशेष महत्व माना जाता है। इस तरह इस वर्ष तिथि के गणित और धार्मिक मान्यताओं के चलते दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा के लिए एक दिन का अंतर देखने को मिलेगा। श्रद्धालु मंगलवार, 10 नवंबर को भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर अन्नकूट पर्व मनाएंगे।

 


और पढ़ें