logo

मूड

ट्रेंडिंग:

भगवान शिव की वजह से इस गांव में आज भी नहीं होता होलिका दहन, जानें कथा

यूपी के इस गांव में आज भी होलिका दहन नहीं मनाया जाता है। कारण महाभारत कालीन एक कथा से जुड़ा हुआ है जिसके अनुसार माना जाता है कि भगवान शिव यहां आज भी विचरण करते हैं।

Representational Image । Photo Credit: AI Generated

प्रतीकात्मक तस्वीर । Photo Credit: AI Generated

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश की पश्चिमी सीमा पर स्थित एक गांव में होलिका दहन नहीं होने की सदियों पुरानी परंपरा आज भी कायम है। सहारनपुर शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर, नानोता क्षेत्र के बरसी गांव के लोग अपने पूर्वजों की इस परंपरा को आज भी जारी रखे हुए हैं।

 

गांव वालों में मान्यता रही है कि गांव के बीचों-बीच स्थित एक एक महाभारत कालीन शिव मंदिर है और इस प्राचीन मंदिर में भगवान शिव खुद विराजमान हैं और यहां तक कि वह इसकी सीमा के भीतर विचरण भी करते हैं। लोग मानते हैं कि इस डर से सालों से होलिका नहीं जलाई जाती कि आग जलाने से जमीन गर्म हो जाएगी और भगवान के पैर झुलस जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें: ब्रज की होली के चर्चे तो मशहूर हैं, कनपुरिया होली में क्या खास है?

 

महाभारत काल से है कनेक्शन

यह मान्यता पीढ़ियों से चली आ रही है, जिसके कारण एक अनूठी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा आज भी जारी है। ग्राम प्रधान आदेश कुमार कहते हैं, 'हमारे पूर्वजों ने इस परंपरा को अटूट विश्वास के साथ कायम रखा है और हम उनके पदचिन्हों पर चलते रहेंगे।'

 

स्थानीय किंवदंतियों के अनुसार, गांव में स्थित इस मंदिर का निर्माण दुर्योधन ने महाभारत के युद्ध के दौरान रातों-रात करवाया था। पौराणिक मान्यता है कि जब अगली सुबह भीम ने इसे देखा, तो उन्होंने अपनी गदा से इसके मुख्य द्वार को पश्चिम की ओर मोड़ दिया।

 

देश का एकमात्र पश्चिम मुखी मंदिर

ऐसा दावा भी किया जाता है कि यह देश का एकमात्र ऐसा शिव मंदिर है जो पश्चिममुखी है। गांव वाले इस तरह की एक किंवदंती भी सुनाते हैं कि महाभारत के युद्ध के दौरान, भगवान कृष्ण कुरुक्षेत्र जाते समय इस गांव से गुज़रे थे और इसकी सुंदरता से मंत्रमुग्ध होकर, उन्होंने इसकी तुलना पवित्र बृज भूमि से की थी।

 

देशभर में जहां होलिका दहन को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक मानते हुए होली उत्सव के अनिवार्य हिस्से के रूप में शामिल किया गया है, वहीं बरसी गांव ने स्वेच्छा से इस प्रथा को छोड़ दिया है। हालांकि गांव वाले होलिका दहन में भाग लेने के लिए आस-पास के गांवों में जाते हैं और अपने गांव में रंगों के त्योहार को भक्ति और खुशी के साथ परंपरागत तरीके से ही मनाते हैं।

 

यह भी पढे़ं: भद्रा के दौरान नहीं किया जाता होलिका दहन, यहां जानिए सही समय और नियम

 

5000 वर्षों से चली आ रही परंपरा

गांव के निवासी रवि सैनी कहते हैं, 'यहां कोई भी भगवान शिव की साक्षात उपस्थिति को नहीं मानने का जोखिम नहीं उठाना चाहता है।' उन्होंने कहा, 'माना जाता है कि यह परंपरा करीब 5,000 वर्षों से चली आ रही है और आने वाली पीढ़ियों में भी जारी रहेगी।' 

 

मंदिर के पुजारी नरेंद्र गिरि ने बताया कि इस शिव मंदिर की महिमा दूर-दूर तक है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पूजा करने आते हैं। उन्होंने कहा, 'महाशिवरात्रि के दौरान हजारों श्रद्धालु यहां अभिषेक करने आते हैं। नवविवाहित जोड़े भगवान शिव का आशीर्वाद लेते हैं।'

 

Disclaimer- यहां दी गई सभी जानकारी सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं।

 

Related Topic:#Holi

और पढ़ें