11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र त्योहार की शुरुआत हो चुकी है। इस पर्व में सभी भक्त न सिर्फ देवी मां के नौ स्वरूपों की आराधना करते हैं, बल्कि देवी मां का आशीर्वाद पाने के लिए 9 दिनों तक फलाहार व्रत भी रखते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, शारदीय नवरात्र पर्व में व्रत रखने से लोगों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए शक्ति मिलती है। साथ ही, देवी मां के आशीर्वाद से भक्तों के जीवन में सुख और शांति का निवास होता है। इस साल कई भक्त ऐसे हैं, जिन्होंने पहली बार शारदीय नवरात्र का व्रत रखा है। उन लोगों को व्रत से जुड़ी कुछ खास बातें जाननी चाहिए, ताकि कोई गलती न हो।
आज से लेकर 19 अक्टूबर तक पूरे देश में शारदीय नवरात्र त्योहार मनाया जाएगा। इस दौरान पूरे देश में देवी मां के प्रति भक्ति और त्योहार के उत्सव का माहौल रहेगा। इस पर्व में पूरे नौ दिनों तक व्रत रखने की मान्यता है। जो लोग पहली बार यह व्रत रख रहे हैं, उन लोगों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखना चाहिए, ताकि उन्हें कमजोरी महसूस न हो। इसके साथ ही लोगों को कुछ चीजों से परहेज करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: नवरात्रि के पहले दिन किन लोगों को मिलेगा शैलपुत्री का आशीर्वाद, पढ़ें राशिफल
व्रत में कैसे रखें सेहत का ख्याल?
शारदीय नवरात्र में व्रत रखने वाले लोग कुछ खास आहार खा सकते हैं। इस पर्व में निर्जला व्रत नहीं रखा जाता है। इसके बजाय फलाहार व्रत रखा जाता है। ऐसे में सभी भक्त दूध, दही, मखाना और फल खा सकते हैं। इस व्रत के दौरान भक्तों को सुबह की पूजा के बाद कोई फल और साबूदाना या सिंघाड़े का हलवा खाना चाहिए। उसके बाद दोपहर के समय दही खाना चाहिए। फिर शाम को विधिवत तरीके से आरती करने के बाद हलवा खा सकते हैं। व्रत में लोगों को नियमित तौर पर पानी पीना चाहिए, ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे।
जिन लोगों के लिए 9 दिनों तक व्रत रखना कठिन हो सकता है, वे रात के समय कुट्टू के आटे और सिंघाड़े के आटे से बनी पूरी खा सकते हैं। व्रत के दौरान गेहूं और दाल खाने से बचना चाहिए।
यह भी पढ़ें: नवरात्रि: देवी की आराधना में तंत्र पूजा का महत्व क्या है, क्यों है यह मंगलकारी?
किन चीजों से करें परहेज?
1. तामसिक भोजन- शारदीय नवरात्र में जो लोग व्रत नहीं रखेंगे, उन लोगों को भी लहसुन, प्याज और मांस-मदिरा का सेवन नहीं करना चाहिए।
2. बाल न कटवाएं- इस दौरान भक्तों को नौ दिनों तक दाढ़ी-मूंछ, बाल और नाखून कटवाने से बचना चाहिए।
3. लंबे समय तक घर खाली न छोड़ें- जिन लोगों ने अपने घर में कलश और मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने अखंड ज्योति रखी है, उन्हें घर खाली नहीं छोड़ना चाहिए। साथ ही, समय-समय पर अखंड ज्योति में घी डालना चाहिए।
4. लेदर का इस्तेमाल न करें- इस त्योहार में लोगों को लेदर से बने कपड़े, बैग, बेल्ट और अन्य सामान का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।