सनातन धर्म में हर साल अक्षय नवमी का त्योहार मनाया जाता है। इस दिन विष्णु भगवान के साथ-साथ लोग आंवले के पौधे की भी पूजा करते हैं। इस त्योहार के जरिए सभी भक्त भगवान के साथ-साथ प्रकृति की आराधना करते हैं। यह त्योहार इस बात का सीख देती है कि हमें प्रकृति का सम्मान करना चाहिए। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन आंवले के पौधे और विष्णु भगवान की पूजा करने से व्यक्ति को रोगों से मुक्ति मिलती है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अक्षय नवमी का त्योहार मनाया जाता है। इस साल नवमी तिथि दो दिनों तक पड़ रही है, जिस वजह से कई लोगों को पर्व की सही तारीख को लेकर कन्फ्यूजन हो रहा है। आइए जानते हैं पर्व की सही तारीख क्या है।
यह भी पढ़ें: छठ खरना के बाद रखना होगा 36 घंटों का व्रत, खरना पर इन बातों का रखें ख्याल
कब मनाएं अक्षय नवमी?
सनातन पंचांग के अनुसार, इस बार कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि 18 और 19 नवंबर को होगी। इस तिथि की शुरुआत 18 नवंबर को सुबह 6 बजकर 4 मिनट से होगी, जो 19 नवंबर को सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर खत्म होगी। उदय तिथि के अनुसार, लोगों को 18 नवंबर के दिन अक्षय नवमी का पर्व मनाना चाहिए।
पंचांग के अनुसार, पूजा करने का शुभ मुहूर्त 18 नवंबर को सुबह 6 बजकर 46 मिनट से शुरू हो रहा है, जो दोपहर 12 बजकर 6 मिनट तक रहेगा। इसी दौरान भक्तों को आंवले के पौधे की पूजा करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: लव लाइफ, नौकरी और कारोबार में कैसा बीतेगा आज का दिन? पढ़ें राशिफल
क्यों की जाती है आंवले की पूजा?
धार्मिक जानकारों का मानना है कि आंवले का पेड़ विष्णु भगवान का प्रिय पौधा है। इसी वजह से लोग पौधे के पास दीपक जलाते हैं। साथ ही परिक्रमा करके घर-परिवार की सुख-शांति के लिए कामना करते हैं। इसके अलावा धार्मिक मान्यता के अनुसार, आंवले के पेड़ के नीचे भगवान विष्णु की पूजा करनी चाहिए। साथ ही इस दिन जरूरतमंद लोगों को भोजन, कपड़े और कुछ रुपये दान के तौर पर देने चाहिए।
नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।