हिंदू धर्म में हर महीने दो एकादशी त्योहार मनाए जाते हैं। उसी प्रकार कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को प्रबोधिनी एकादशी का त्योहार मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भक्तों को इस दिन मांगलिक कार्य करने चाहिए, जैसे जरूरतमंदों को दान देना। साथ ही लोगों को इस दिन व्रत रखकर मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की आराधना करनी चाहिए, जिससे भक्तों पर भगवान विष्णु की कृपा बरसती है। प्रबोधिनी एकादशी को देव उठनी एकादशी भी कहा जाता है। देव उठनी एकादशी कहने के पीछे खास धार्मिक मान्यता है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल 20 नवंबर को देव उठनी एकादशी मनाई जाएगी। हिंदू धर्म ग्रंथ पद्म पुराण में बताया गया है कि एकादशी पर्व पर व्रत रखने और भगवान विष्णु की आराधना करने से व्यक्ति के पाप कर्म मिटते हैं। इसी वजह से लाखों भक्त प्रबोधिनी एकादशी का व्रत रखते हैं। आइए जानते हैं कि प्रबोधिनी एकादशी पर्व को लोग देव उठनी एकादशी क्यों कहते हैं।
यह भी पढ़ें: काशी विश्वनाथ मंदिर का अनसुना इतिहास, तांत्रिक महत्व और 5 आरती का रहस्य
क्यों कहते हैं देव उठनी एकादशी?
हर साल सामान्य तौर पर 24 एकादशी मनाई जाती हैं, लेकिन हिंदू पंचांग के अनुसार कुछ साल ऐसे होते हैं, जिनमें 12 के बजाय 13 महीने होते हैं। उस साल में 26 एकादशी पर्व मनाए जाते हैं। पंचांग के अनुसार, 2026 में अधिकमास था। इस वजह से इस साल 13 महीने थे। इसके अलावा धार्मिक जानकारों के अनुसार, हर साल आषाढ़ महीने में भगवान विष्णु योग निद्रा में गए थे, जो चार महीने बाद कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि यानी प्रबोधिनी एकादशी पर निद्रा से उठते हैं। इस वजह से इसे देव उठनी एकादशी कहा जाता है।
इन चार महीनों तक भगवान विष्णु जिस योग निद्रा में रहते हैं, उसे चतुर्मास कहा जाता है। धार्मिक जानकारों के अनुसार, चतुर्मास के दौरान कोई भी शुभ कार्य जैसे शादी, गृह प्रवेश जैसे काम नहीं किए जाते हैं। फिर देव उठनी एकादशी के बाद शुभ काम करने की मान्यता है।
यह भी पढ़ें: कब है देव दीपावली, वाराणसी में कैसे मनाया जाता है यह पर्व? जान लीजिए
देव उठनी एकादशी पर क्या करें?
देव उठनी एकादशी के दिन सभी भक्त सुबह स्नान करके पूजा स्थान की सफाई करते हैं। इसके बाद शंख और मृदंग बजाकर भगवान विष्णु को उठाने की परंपरा है। ऐसे में आपको भी भगवान विष्णु को शंख और घंटी की गूंज के जरिए उठाना चाहिए। इसके साथ भगवान को जगाने के लिए एक खास मंत्र बोलना चाहिए।
उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द उत्तिष्ठ गरुडध्वज।
उत्तिष्ठ कमलाकान्त त्रैलोक्यं मङ्गलं कुरु॥
इसके बाद भगवान विष्णु की मूर्ति को पंचामृत से स्नान कराएं। उसके बाद ही विधिवत पूजा करनी चाहिए। पूजा के दौरान भक्तों को मौसमी फल और मिठाई का भोग लगाना चाहिए।
नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।