साल 2026 का पहला सूर्य ग्रहण 17 फरवरी को लगने जा रहा है। इस बार लगने वाले सूर्य ग्रहण में 'रिंग ऑफ फायर' देखने का मौका मिलेगा। भारत के लोगों के लिए राहत की बात यह है कि यहां इसका प्रभाव नहीं पड़ेगा। भारतीय समय के अनुसार यह ग्रहण दोपहर में शुरू तो होगा लेकिन भारत के किसी भी हिस्से में यह दिखाई नहीं देगा।
यह ग्रहण भारत मे दिखाई नहीं दे रहा है इसलिए ज्योतिण शास्त्र के अनुसार यहां सूतक काल मान्य नहीं होगा। इसका मतलब है कि देशभर के मंदिरों के कपाट खुले रहेंगे, पूजा-पाठ हमेशा की तरह होगा और रोज के कामों पर कोई पाबंदी नहीं रहेगी।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान का कटास राज मंदिर, सतघरा मंदिरों का इतिहास जानिए
ग्रहण का समय और अवधि
भारतीय समय के अनुसार यह सूर्य ग्रहण दोपहर से शुरू होकर शाम तक चलेगा। ग्रहण की शुरुआत दोपहर 3 बजकर 26 मिनट पर होगी। यह शाम 5 बजकर 42 मिनट पर अपने चरम पर रहेगा। इसी समय ‘रिंग ऑफ फायर’ दिखाई देगा। ग्रहण की समाप्ति शाम 7 बजकर 57 मिनट पर होगी। इस तरह यह पूरी घटना लगभग 4 घंटे 32 मिनट तक चलेगी।
क्या होता है 'रिंग ऑफ फायर'?
इस बार ग्रहण में ऐसी स्थिति बन रही है जिसमें चंद्रमा, सूर्य को पूरी तरह ढक नहीं पाता जिससे सूर्य का बाहरी हिस्सा एक चमकती हुई अंगूठी यानी रिंग की तरह नजर आता है। यही कारण है कि इसे 'रिंग ऑफ फायर' का नाम दिया गया है। इस स्थिति को 'वलयाकार सूर्य ग्रहण' (Annular Solar Eclipse) कहा जाता है।
दुनिया में कहां दिखेगा यह नजारा?
भले ही हम भारत में इसे न देख पाएं लेकिन दुनिया के कई हिस्सों में यह साफ नजर आएगा। इसमें अंटार्कटिका और दक्षिणी महासागर के कई इलाके, दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया, जाम्बिया और जिम्बाब्वे जैसे अफ्रीकी देश शामिल है।
यह भी पढ़ें: फाल्गुन अमावस्या पर चंद्रमा कैसे बदलेंगे आपका भाग्य? पढ़ें राशिफल
क्या करें और क्या न करें?
भले ही भारत में इसका असर नहीं है, फिर भी कुछ बातों का ध्यान रखना बेहतर है-
- सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों जैसे कि खाना न बनाना या पानी न पीना, इन पर ध्यान न दें क्योंकि भारत में ग्रहण नहीं दिख रहा है।
- प्रेग्नेंट महिलाएं किसी भी तरह का स्ट्रेस न लें, आपकी रूटीन सामान्य रह सकती है।
- अगर आप चाहें तो अपनी श्रद्धा अनुसार मंत्र जाप या ध्यान कर सकते हैं, यह मानसिक शांति के लिए अच्छा है।
- जहां ग्रहण दिख रहा है, वहां बिना सोलर फिल्टर वाले चश्मे के सूर्य को देखना आंखों को नुकसान पहुंचा सकता है।
आज का दिन एक सामान्य दिन की तरह ही बीतेगा। अगर आप इस खगोलीय घटना को देखना चाहते हैं, तो साइंस चैनलों की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीम का सहारा ले सकते हैं।