अगर आप कुत्ता पालने की सोच रहे हैं या फिर आपके घर में कुत्ता है तो आपको उसे बड़े ध्यान से रखना होगा। अगर आपके कुत्ते ने किसी को काट लिया तो यह आपके लिए आफत बन सकता है। बहुत से लोग ये सोचते हैं कि मेरा डॉग तो फ्रेंडली है लेकिन एक छोटी सी लापरवाही आपको बड़ी मुसीबत में डाल सकती है। कई बार तो मामला सिर्फ माफी से निपट जाता है लेकिन कई बार आपको जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। भारत में इसको लेकर सख्त कानून बने हुए हैं।
भारत में पालतू कुत्ते के काटने पर मालिक की जिम्मेदारी साफ तय है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 291 (जो पहले IPC की धारा 289 थी) के तहत अगर आपने अपने कुत्ते को कंट्रोल में नहीं रखा तो इसे लापरवाही माना जाएगा। नियमों में साफ बताया गया है कि आपकी लापरवाही से किसी दूसरे को नुकसान होता है तो उसके लिए आपको जिम्मेदार ठहराया जाएगा और इसकी सजा भी आपको मिलेगी।
यह भी पढ़ें: घर का खाना या पैक्ड फूड, पालतू कुत्ते के लिए क्या है बेस्ट? खर्च का हिसाब समझिए
6 महीने की कैद और जुर्माना
भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 291 पशुओं के प्रति लापरवाही भरे व्यवहार से संबंधित है। इसके तहत, अगर कोई व्यक्ति अपने पालतू जानवर को संभालने में लापरवाही बरतता है जिससे किसी की जान को खतरा हो या गंभीर चोट लगने की संभावना हो, तो उसे 6 महीने तक की कैद और 5,000 तक जुर्माना, या दोनों हो सकते हैं। लापरवाही में बिना पट्टे के घुमाना, ठीक से ट्रेनिंग नहीं देना, या वैक्सीनेशन नहीं कराना शामिल है। ऐसे में अगर कुत्ता किसी को काटता है तो यह कुत्ते की गलती नहीं आपकी गलती मानी जाएगी।
यहीं बात खत्म नहीं होती। अगर कुत्ते के काटने से सामने वाले को चोट आती है, इलाज का खर्च होता है या मानसिक परेशानी होती है, तो आपके खिलाफ 'सिविल केस' भी किया जा सकता है। इसमें आपको मुआवजा देना पड़ सकता है, जो कई बार काफी ज्यादा होता है।
शहरों के हिसाब से भी हैं नियम?
कुछ शहरों में तो नियम और भी सख्त हैं। दिल्ली और नोएडा जैसे शबरों की कई सोसाइटियों में अगर आपका कुत्ता किसी को काटता है, तो सीधे 10,000 रुपये तक का एक्स्ट्रा जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं गोवा में खूंखार नस्लों को लेकर नया कानून काफी सख्त है अगर ऐसी नस्ल का कुत्ता किसी को नुकसान पहुंचाता है, तो मालिक को 3 महीने तक की जेल और 50,000 रुपये तक का जुर्माना देना पड़ सकता है।
कोर्ट का रुख
कोर्ट भी इस मामले में अब काफी सख्त रुख दिखा रहे हैं। 2025 में कलकत्ता हाई कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई करते हुए साफ कहा कि पालतू कुत्ते का मालिक पूरी तरह जिम्मेदार है कि उसका कुत्ता किसी को नुकसान ना पहुंचाए। एक केस में मालिक ने अपने खिलाफ दर्ज मामला रद्द कराने की कोशिश की लेकिन कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी और साफ कहा कि कुत्ता आपका है, जिम्मेदारी भी आपकी है।
आवारा कुत्ते ने काटा तो क्या?
कोर्ट कुत्तों के काटने के मामलों से सख्ती से निपट रहे हैं। हालांकि, लोगों के मन में एक सवाल आता है कि अगर आवारा कुत्ते ने काट लिया तो क्या होगा। इस सवाल का जवाब खुद सुप्रीम कोर्ट ने दिया है। जनवरी 2026 में सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों के मामले में सुनवाई करते हुए एक अहम बात कही कि अगर कुत्ते के काटने से नुकसान होता है, तो राज्य सरकारों पर भी भारी मुआवजा लगाया जा सकता है। साथ ही कोर्ट ने ये भी साफ किया कि पालतू कुत्ते के मामले में मालिक या फीडर की जिम्मेदारी तय होगी। यानी अगर आप कुत्ते की देखभाल करते हैं, तो उसकी हर हरकत के लिए आप जवाबदेह हैं।
यह भी पढ़ें: भारत में कुत्ते की किन नस्लों को पालने पर प्रतिबंध है? नियम जानिए
ऐसे करें बचाव
आपका कुत्ता आपकी जिम्मेदारी है और कानून भी यही बात मानता है। ऐसे में आपको अपने कुत्ते को कंट्रोल में रखना होगा। इसके लिए आपको कुछ जरूरी चीजें करनी होंगी। सबसे सबसे पहले तो जब भी आप अपने कुत्ते को बाहर लेकर जाएं तो हमेशा पट्टा लगाएं और कभी भी खुला ना छोड़ें। इससे आप उसे तुरंत कंट्रोल कर सकते हैं। दूसरा, अपने कुत्ते का रेबीज और बाकी जरूरी वैक्सीनेशन समय पर जरूर करवाएं यह आपको सिर्फ घर के बाहर किसी को काटने से आपके नुकसान से ही नहीं बल्कि आपके घर में भी कुत्ता किसी को काट ले तो उस नुकसान से भी बचाता है।
इसके अलावा अपने कुत्ते को बेसिक ट्रेनिंग जरूर दें ताकि वह अजनबियों पर अचानक हमला न करे। अगर आप सोसाइटी में रहते हैं, तो वहां के पेट नियमों का पालन करें ये छोटी चीजें आपको बड़े जुर्माने से बचा सकती हैं। अगर आपका कुत्ता ज्यादा आक्रामक है तो आप उसे किसी डॉक्टर को भी दिखा सकते हैं।