दुनिया के महान फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी वर्तमान में भारत के दौरे पर हैं। वह GOAT इंडिया टूर 2025 के लिए भारत आए हैं। इस दौरान मेसी कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई गए, जहां लाखों की संख्या में उनके फैन्स ने उन्हें देखने के लिए आए। इंडिया टूर पर अर्जेंटीना के इस स्टार खिलाड़ी का भव्य स्वागत किया जा रहा है। उनका स्वागत करने में कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। लियोनेल मेस्सी का भारत में किया गया स्वागत और उनके लिए स्टेडियम में जुट रही भीड़ से भारत के पूर्व निशानेबाज और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा खासे नाराज हैं।
अभिनव बिंद्रा ने लियोनेल मेस्सी के इंडिया टूर पर आना और इस दौरान उनको मिल रहे खा, ट्रीटमेंट की आलोचना की है। बिंद्रा ने मेस्सी के पास आने या उसके साथ फोटे खिंचवाने के लिये लाखों रूपये खर्च किये जाने को लेकर वह काफी दुखी हैं। दरअसल, मेस्सी के तीन दिन के भारत दौरे पर काफी अराजकता देखी गई। राजनेताओं, फिल्मी हस्तियों , उद्योगपतियों और अधिकारियों में उनके साथ एक तस्वीर लेने को लेकर होड़ रही। कोलकाता में तो उनके फैन्स के सब्र का बांध टूट गया जो हजारों रूपये के टिकट खरीदने के बावजूद उनकी एक झलक भी नहीं पा सके।
यह भी पढ़ें: जॉन सीना ने लिया संन्यास, रिंग में जूते क्यों छोड़ गए? कहानी आखिरी मुकाबले की
बिंद्रा ने क्या कहा है?
इन घटनाओं ने खिन्न हुए अभिनव बिंद्रा ने एक्स पर लिखा, 'जैसे जैसे उनका हालिया भारत दौरा आगे बढ़ा, कुछ जगहों पर अफरा तफरी हुई और मुझे काफी असहज लगा। इसने मुझे गंभीरता से सोचने पर मजबूर किया, इस बात की सच्ची चिंता में कि हम असल में क्या हासिल करने की कोशिश कर रहे थे।'
'मैं दुखी हूं और मुझे हैरानी हो रही है'
उन्होंने कहा, 'एक पल के लिए उनके करीब जाने या तस्वीर खिंचवाने के लिए लाखों रूपए खर्च किये जा रहे हैं। यह ईमानदारी से कमाया गया लोगों का पैसा है और वे चाहे जैसे इसे खर्च करें, लेकिन मैं दुखी हूं और मुझे हैरानी हो रही है कि क्या यह संभव था कि इस ऊर्जा और निवेश का एक हिस्सा भी हमारे देश में खेलों की बुनियाद पर खर्च किया जा सकता था।'
बिंद्रा ने हालांकि स्पष्ट किया कि अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान मेस्सी के लिये उनके मन में अपार सम्मान है जो इस समय दुनिया के सबसे चहेते खिलाड़ियों में से हैं।
उन्होंने कहा, 'लियोनेल मेस्सी उन खास खिलाड़ियों में से हैं जिनकी कहानी खेल से कहीं आगे है। शारीरिक मुश्किलों से लड़ने वाले एक बच्चे से लेकर एक महान फुटबॉलर तक के उनके सफर ने दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रभावित किया है। मैं उनकी उस खूबी के लिए बहुत सम्मान और तारीफ करता हूं जो उनमें नजर आती है मसलन लगन, विनम्रता और महानता।'
यह भी पढ़ें: IPL 2026: कहां देख सकेंगे IPL ऑक्शन, कितना है टीमों का पर्स? हर सवाल का जवाब
'खेलों का अर्थशास्त्र समझता हूं'
उन्होंने कहा, 'मैं खेलों का अर्थशास्त्र समझता हूं। मैं व्यावसायिक सच्चाई, वैश्विक ब्रांडिंग और महान खिलाड़ी के आकर्षण को समझता हूं। मैं मेस्सी को किसी भी तरह से गलत नहीं मानता। उनकी महानता की तारीफ करना स्वाभाविक है।मेस्सी के GOAT टूर का फुटबॉल से कोई सरोकार नहीं है और उनका कार्यक्रम मुलाकातों तक सीमित है जिसमें प्रशंसकों से सीधे मुलाकात नहीं है।' बिंद्रा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम के लिए इस्तेमाल किए गए संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हो सकता था।
दूर से व्यक्ति पूजा कर रहे हैं?
उन्होंने कहा, 'एक समाज के रूप में हम खेल संस्कृति का निर्माण कर रहे हैं या दूर से व्यक्ति पूजा कर रहे हैं। खेलों में महान देश पलों के आधार पर नहीं, तंत्र के आधार पर बनते हैं। संयम के साथ। असाधारण सपने देखने वाले साधारण बच्चे में भरोसा करके। मेस्सी जैसे आइकन हमें प्रेरित करते हैं और वह प्रेरणा काफी मायने रखती है। लेकिन प्रेरणा का मकसद भी होना चाहिए। दीर्घकालिन प्रतिबद्धता। विकल्प ऐसे चुनने चाहिए जिनसे हम बस आज भर के लिए रोमांचित नहीं हों बल्कि कल को भी मजबूत करें।'