भारतीय पहलवान अमृता पुजारी ने अंडर-23 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीत लिया है। उन्होंने महिला 72 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बनाई थी, जहां उन्हें यूक्रेन की इरीना जाब्लोत्स्का के खिलाफ चित होने के कारण हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही भारतीय महिला पहलवानों का अभियान दो मेडल के साथ समाप्त हुआ। अमृता मुकाबले में 0-6 से पीछे चल रही थीं, तभी जाब्लोत्स्का ने उन्हें चित कर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। अमृता को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। इससे पहले कोमल ने महिला 59 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
भारत की स्वीटी के पास एक और मेडल जीतने का मौका था लेकिन वह 53 किग्रा वर्ग के ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में यूक्रेन की अनास्तासिया पोल्स्का से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 0-11 से हार गईं। स्वीटी ने रेपचेज राउंड में चीन की शियाओतोंग जेंग को 11-10 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में जगह बनाई थी। वैष्णवी पाटिल भी रेपचेज में मिले मौके का फायदा नहीं उठा सकीं। उन्हें जापान की हारुका कोबारू के खिलाफ 2-4 से हार का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस के साथ महेला जयवर्धने का सफर खत्म, हेड कोच के पद से दिया इस्तीफा
पुरुष पहलवानों का खराब प्रदर्शन
भारतीय पुरुष फ्रीस्टाइल पहलवानों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। शुक्रवार को मुकाबले में उतरे पांचों भारतीय पहलवान मेडल की रेस तक नहीं पहुंच सके। वैभव पाटिल को 61 किग्रा वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में रोमानिया के गैब्रियल व्हिसेनहंट के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 0-11 से हार का सामना करना पड़ा तो वहीं 74 किग्रा वर्ग में आदर्श पाटिल को अंतिम-16 के मुकाबले में जापान के तोकी ओगावाल ने 6-4 से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।
यह भी पढ़ें: वेस्टइंडीज से आज आर-पार की जंग, पांचवें टी20 में बाजी मारेगी टीम इंडिया?
अमित का अभियान 86 किग्रा वर्ग में अंतिम-16 में समाप्त हो गया। वह जॉर्जिया के तोर्निके समखाराद्जे के खिलाफ 3-4 से पीछे चल रहे थे, तभी प्रतिद्वंद्वी ने उन्हें चित कर दिया। इसी तरह 92 किग्रा वर्ग में निखिल को भी अंतिम-16 के मुकाबले में जॉर्जिया के सैंड्रो कुराशविली के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हार झेलनी पड़ी।
भारी वजन वर्ग (125 किग्रा) में रौनक दहिया को क्वार्टर फाइनल में अजरबैजान के खेताग कारसानोव ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 11-1 से हराया। टूर्नामेंट में अब तक भारत के खाते में सिर्फ 3 मेडल आए हैं। ग्रीको-रोमन पहलवान विश्वजीत मोरे ने 55 किग्रा वर्ग में सिल्वर मेडल जीता था।