पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह अपने बड़े बेटे आर्यवीर सहवाग से वीडियो कॉल पर बात कर रहे हैं। इस दौरान आर्यवीर ने बताया कि जब उन्हें चोट लगी तो स्टेडियम में मौजूद पाकिस्तानी दर्शक भी उनका हौसला बढ़ा रहे थे। स्टैंड में बैठे करीब 2 हजार पाकिस्तानी दर्शक 'सहवाग-सहवाग' चिल्ला रहे थे। आर्यवीर ने पिता को मैच के आखिरी पलों का अनुभव भी बताया। बता दें कि आर्यवीर सहवाग अंडर-19 एशिया कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 5 मैचों में कुल 361 रन बनाए। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
पिता से बात करते हुए आर्यवीर ने बताया कि वह करीब एक घंटे से बैठकर सीताराम-सीताराम का नाम जप रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि मैच में कुछ अच्छा हो जाए। इसके बाद आखिरी ओवर में 8 रन की जरूरत थी। आर्यवीर ने बताया कि जैसे ही चौका लगा, स्टेडियम में मौजूद दर्शक खुशी से झूम उठे। उन्होंने अपनी चोट के बारे में भी पिता को बताया। आर्यवीर के मुताबिक, चोट लगने के बाद दो-तीन फिजियो मैदान पर आए थे। अब उन्हें एक्स-रे भी कराना है।
'पाकिस्तानी सहवाग-सहवाग चिल्ला रहे थे'
आर्यवीर सहवाग ने बताया कि जब उन्हें चोट लगी तो स्टैंड में बैठे पाकिस्तानी दर्शक भी उनका हौसला बढ़ा रहे थे। उन्होंने पिता से कहा, 'जब मुझे चोट लगी तो दो-तीन फिजियो आए। स्टैंड से 2 हजार पाकिस्तानी थे, सब सहवाग-सहवाग चिल्ला रहे थे। पाकिस्तानी भी सपोर्ट कर रहे थे सब। मजा आ गया यार। करता हूं पापा मैं आपको कुछ देर में।'
यह भी पढ़ें: एशिया का राजा भारत: पाकिस्तान को हराकर 9वीं बार जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब
'एक घंटे से सीताराम-सीताराम जप रहा था'
वीडियो कॉल पर आर्यवीर ने मैच के आखिरी पलों का अनुभव भी पिता के साथ साझा किया। उन्होंने कहा, 'मैं एक घंटे से बैठा था और सीताराम-सीताराम नाम जप कर रहा था। भाई, कुछ हो जाए, कुछ हो जाए। फिर उन्होंने मारा। फिर लास्ट ओवर में 8 रन थे और बॉलर बैटिंग कर रहे हैं। सोच रहा था एक चौका लग जाए या कुछ लग जाए। और लग गया और पागल हो गए सारे।'
यह भी पढ़ें: अंडर-19 एशिया कप: आर्यवीर सहवाग ने छक्के से जड़ी फिफ्टी, भारत की 10 विकेट से जीत
पांचवें ओवर में लगी थी चोट
भारतीय पारी के पांचवें ओवर की पहली गेंद पर पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अली रजा की गेंद आर्यवीर के दाएं हाथ के अगले हिस्से (फोरआर्म) पर लगी थी। गेंद लगने के बाद वह दर्द से परेशान हो गए। इसके बाद फिजियो मैदान पर पहुंचे और उनके चोटिल हाथ पर पट्टी बांधी। आर्यवीर ने पिता को बताया कि उन्हें एक्स-रे भी कराना है। वीरेंद्र सहवाग ने आर्यवीर और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने बेटे के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, 'ऑल द बेस्ट और बहुत बधाई। और मेरी शुभकामनाएं सबको देना।'