इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराने के बाद भारतीय टीम का फोकस अब टी20 क्रिकेट पर शिफ्ट हो गया है। टीम इंडिया 9 सितंबर से खेले जाने वाले एशिया कप 2025 में उतरने वाली है। यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। एशिया कप के लिए आने वाले दिनों में टीम का ऐलान होना है। भारतीय टीम एशिया कप में अपने लगभग सभी मैच दुबई में खेलेगी। दुबई की परिस्थितियों को देखते हुए टीम में स्पिनरों की भरमार देखने को मिल सकती है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय टीम 5 स्पिनरों के साथ दुबई गई थी।
सेलेक्टर्स को सलामी बल्लेबाज चुनते समय सबसे ज्यादा माथापच्ची करनी पड़ सकती है। टी20 फॉर्मेट में अक्टूबर 2024 से संजू सैममस और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करते नजर आए हैं। उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन भी किया है। हालांकि उनका पिछला आईपीएल कुछ खास नहीं गुजरा था। शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल इस पोजिशन के लिए तगड़े दावेदार हैं। टी20I से विराट कोहली और रोहित शर्मा के रिटायर होने के बाद इस फॉर्मेट के कुछ मैचों में शुभमन और यशस्वी ने पारी की शुरुआत की थी।
यह भी पढ़ें: फैन ने की IPL 2026 खेलने की गुजारिश, धोनी बोले - मेरे घुटने में...

अभिषेक-सैमसन की जोड़ी टूटेगी?
संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने टीम इंडिया के लिए 12 टी20 मैचों में पारी की शुरुआत की है, जिसमें उन्होंने 267 पार्टनरशिप रन जोड़े हैं। संजू-अभिषेक के बीच एक ही अर्धशतकीय साझेदारी हुई है लेकिन ध्यान देने वाली बात ये है कि दोनों में से कोई एक आउट होता है तो दूसरा बड़ी पारी खेलने में कामयाब रहा है। संजू सैमसन पिछली 12 टी20 पारियों में 3 शतक लगा चुके हैं। वहीं अभिषेक की बात करें तो उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं।
सैमसन और अभिषेक के प्रदर्शन को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि ये दोनों एशिया कप में भी ओपनिंग करेंगे। हालांकि IPL 2025 में कुछ खास प्रदर्शन नहीं करने के बाद इनके ऊपर दबाव होगा।
IPL 2025 में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन
संजू सैमसन |
अभिषेक शर्मा |
पारी - 9 |
पारी - 13 |
रन - 285 |
रन - 439 |
स्ट्राइक रेट - 140.39 |
स्ट्राइक रेट - 193.39 |
50+ स्कोर - 1 |
50+ स्कोर - 3 |

शुभमन-यशस्वी का क्या होगा?
शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल को जुलाई 2024 में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के बाद से टी20 टीम में नहीं चुना गया है। समझा जाता है कि टेस्ट क्रिकेट को ध्यान में रखकर उन्हें आराम दिया गया। भारतीय टीम के सामने घरेलू सरजमीं पर 5 टेस्ट और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी थी। इसके चलते शुभमन-यशस्वी को टी20 फॉर्मेट से दूर रखा गया। इंग्लैंड में 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद टीम इंडिया कोई लंबी टेस्ट सीरीज नहीं खेलने वाली है। ऐसे में शुभमन-यशस्वी को टी20 टीम में वापस लाने की बात चल रही है। दोनों का आईपीएल सीजन भी शानदार गुजरा है।
IPL 2025 में शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन
शुभमन गिल |
यशस्वी जायसवाल |
पारी - 15 |
पारी - 14 |
रन - 650 |
रन - 559 |
स्ट्राइक रेट - 155.87 |
स्ट्राइक रेट - 159.71 |
50+ स्कोर - 6 |
50+ स्कोर - 6 |
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल की लगी लॉटरी, एशिया कप में बड़ी जिम्मेदारी देगा BCCI
ऋतुराज गायकवाड़ को मिलेगा मौका?
ऋतुराज गायकवाड़ टी20 इंटरनेशनल में शानदार रिकॉर्ड है। उन्होंने इस फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए 39.56 की औसत और 143.53 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। इतने बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद ऋतुराज को टी20 टीम से किनारे कर दिया गया। IPL 2025 में वह कोहनी की चोट के चलते 5 ही मैच खेल सके। ऋतुराज की दावेदारी थोड़ी कमजोर नजर आ रही है। अगर शुभमन-यशस्वी को नहीं चुना जाता है तो ऋतुराज को बैकअप ओपनर के रूप में टीम में शामिल किया जा सकता है।
ऋतुराज गायकवाड़ के टी20 आंकड़े
- पारी - 20
- रन - 633
- स्ट्राइक रेट - 143.53
- अर्धशतक - 4
- शतक - 1