एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने अभियान का धमाकेदार आगाज किया है। टीम इंडिया ने पूल-B मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से रौंद दिया है। यह एकतरफा मुकाबला होने की उम्मीद थी और ठीक वैसा ही हुआ। उज्बेकिस्तानी टीम की रक्षापंक्ति भारत के लगातार हमलों का कोई जवाब नहीं दे पाई। दीपिका ने अगले 8 गोल दाग दिए, जबकि इशिका ने हैट्रिक पूरी की। भारत अब सोमवार को अपने अगले मैच में इंडोनेशिया से भिड़ेगा।
भारत ने की गोल की बारिश
भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही गोल की बारिश की। मैदान पर दोनों टीमों के बीच का अंतर साफ दिखाई दे रहा था। दीपिका (8वें, 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें, 54वें मिनट) ने गोल की झड़ी लगा दी, जबकि लालरेम्सियामी (7वें), इशिका (11वें, 42वें, 54वें), बलजीत कौर (12वें), नेहा (18वें), नवनीत कौर (23वें, 45वें), लथंतलुआंगी (43वें, 51वें) और साक्षी राणा (43वें) ने भी गोल किए।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में भारत का खाता खुला, विमेंस 10 मीटर एयर राइफल टीम ने जीता सिल्वर
इस प्रतियोगिता में दूसरी सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाते हुए पहले हाफ में ही आठ गोल दाग दिए। लालरेम्सियामी ने सातवें मिनट में फील्ड गोल कर भारत का खाता खोला। दीपिका ने इसके एक मिनट बाद ही बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद सुनेलिता टोप्पो के पास पर इशिका ने सर्कल के बाईं ओर से शानदार गोल दागा। एक मिनट बाद बलजीत ने स्कोर 4-0 कर दिया, फिर नेहा ने एक और फील्ड गोल करके स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया।
यह भी पढ़ें: मैच साउथ कोरिया का था, राष्ट्रगान नॉर्थ कोरिया का बजा, एशियन गेम्स में गजब कांड
इसके बाद दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर से मिले मौके पर जोरदार ड्रैगफ्लिक शॉट लगाकर अपना दूसरा गोल किया और स्कोर 6-0 कर दिया। नवनीत ने भी फील्ड गोल करके स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया, जिसके बाद दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को पहले हाफ में 8-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में भारत ने दागे 11 गोल
उज्बेकिस्तान के लिए स्थिति बद से बदतर होती चली गई। भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में 11 गोल दागे। अनुभवी भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया का यह 320वां इंटरनेशनल मैच था। वह वंदना कटारिया के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। हालांकि सविता को खेल में दखल देने की खास जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि उज्बेकिस्तान की टीम गेंद पर कब्जा रखने के लिए संघर्ष कर रही थी।