जापान के आइची-नागोया में पैरा एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत 18 अक्टूबर से हो रही है। इसके लिए खेल मंत्रालय ने 166 खिलाड़ियों को मंजूरी दी है। विवादों से घिरी चयन प्रक्रिया के बाद पैरा निशानेबाजी कोच जय प्रकाश नौटियाल को दल से हटा दिया गया है। उनकी जगह जीवन एल राय को दल में जगह दी गई है। नौटियाल पर चयन के बदले पैसों की मांग और स्थापित मानदंडों का पालन नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं।
कई निशानेबाजों ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करके उनकी बर्खास्तगी और आरोपों की जांच की मांग की थी। उन्होंने खेल मंत्री मनसुख मांडविया से भी मुलाकात करके अपनी शिकायतें उनके सामने रखीं। इससे पहले पैरा एशियाड दल के विदाई समारोह के दौरान भी उन्होंने प्रदर्शन किया था।
यह भी पढ़ें: Ranji Trophy: यूपी ने बिहार को बुरी तरह रौंदा... मुंबई की भी बोनस अंक से जीत
10 खेलों में भाग लेगा भारतीय दल
94 टीम अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ और 15 दल स्टाफ के साथ भारत का 275 सदस्यीय दल 10 खेलों में भाग लेगा। इनमें 62 एथलेटिक्स में हैं, जिनमें 46 पुरूष शामिल हैं। वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडलिस्ट दृष्टिबाधित फर्राटा धाविका सिमरन भी टीम में है। उनके पूर्व गाइड उमर सैफी को डोपिंग के कारण बाहर कर दिया गया। अब उनके नए गाइड शिवम उनके साथ होंगे।
साइकिलिस्टों के प्रदर्शन के बावजूद मंत्रालय ने ऐन मौके पर कोई बदलाव नहीं किए हैं और पैरालंपियन अरशद शेख को ही जगह दी गई है। ऐसा इसलिए, क्योंकि टीम में चयन के दावेदारों में उनका प्रदर्शन बेस्ट था। भारतीय साइकिलिंग फेडरेशन और भारतीय पैरालंपिक समिति ने 6 अन्य का चयन किया था लेकिन मानदंडों पर खरे नहीं उतरने के कारण उन्हें शामिल नहीं किया गया। टेबल टेनिस में स्वीकृत नामों में पैरालंपिक सिल्वर मेडलिस्ट भाविना पटेल शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: छक्का मारने वाले बल्लेबाज से बदला कैसे ले रहे हैं नमन धीर? खुद बताया सीक्रेट
शीतल देवी पर रहेंगी निगाहें
बैडमिंटन में 28 सदस्यीय दल को मंजूरी मिली है, जिनमें दुनिया के पूर्व नंबर एक और टोक्यो पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट प्रमोद भगत और पैरालंपिक सिल्वर मेडलिस्ट सुहास यथिराज शामिल हैं। भुजाहीन पैरा तीरंदाज शीतल देवी पर भी नजरें होंगी, जो पैरा एशियाड में दो गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। उनके साथ 18 साल की पायल नाग भी भाग लेंगी, जिन्होंने इस साल बैंकॉक में वर्ल्ड पैरा तीरंदाजी सीरिज में शीतल को हराया था।
निशानेबाजी दल में पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अवनि लेखरा और मोना अग्रवाल शामिल हैं। मोना ने हाल ही में कोरिया में वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया है।