ऑस्ट्रेलियाई टीम 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में बांग्लादेश की मेजबानी कर रही है। इस सीरीज का पहला टेस्ट डार्विन में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की हालत खराब है। बांग्लादेशी तेज गेंदबाजों ने उसे 29 रन के अंदर 4 झटके दे दिए हैं। ट्रेविस हेड और जेक वेदराल्ड ने पहले विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की थी लेकिन इसके बाद कंगारू टीम की पारी लड़खड़ा गई।
हसन महमूद का जलवा
भारतीय सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले बांग्लादेशी गेंदबाज हसन महमूद ने ऑस्ट्रेलिया में भी कमाल की शुरुआत की है। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने पहले लोकल ब्वॉय जेक वेदराल्ड को विकेटकीपर लिटन दास के हाथों लपकवाया और फिर ट्रेविस हेड को चलता किया। वेदराल्ड ने जहां, 23 रन बनाए, वहीं हेड 22 रन बनाकर चलते बने।
यह भी पढ़ें: 10 साल से डेटिंग, 2 बच्चे, अब क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जॉर्जिना से की शादी
इन दो झटकों से ऑस्ट्रेलियाई टीम संभली भी नहीं थी कि इबादत हुसैन ने मार्नस लाबुशेन का विकेट झटक ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दे दिया। लाबुशेन 20 गेंद खेलकर सिर्फ 1 रन बना सके। इसके बाद स्टीव स्मिथ और कैमरन ग्रीन ने पारी आगे बढ़ाई लेकिन तस्कीन अहमद ने यह साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं चलने दी। उन्होंने ग्रीन (13) को शॉर्ट मिडविकेट पर खड़े मुशफिकुर रहीम के हाथों लपकवाकर लंच तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 74/4 कर दिया। अब कंगारू टीम को संकट से उबारने की जिम्मेदारी स्मिथ और कैमरन ग्रीन के कंधों पर है।
यह भी पढ़ें: WTC फाइनल की राह में श्रीलंका क्यों अहम? सीरीज हारते ही बढ़ेगी इंडिया की मुश्किल
वेदराल्ड ने रचा इतिहास
ऑस्ट्रेलिया की नॉदर्न टेरिटरी में 22 साल बाद कोई टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में उतरने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई ओपनर वेदराल्ड ने इतिहास रच दिया है। वह अपने होम टाउन डार्विन में टेस्ट खेलने वाले पहले ऐसे खिलाड़ी बने, जिनका जन्म और परवरिश दोनों नदर्न टेरिटरी में हुई है। दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेमियन मार्टन का जन्म भी डार्विन में हुआ था लेकिन उन्होंने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए घरेलू क्रिकेट खेला था। वेदराल्ड हालांकि अपने घरेलू दर्शकों का ज्यादा मनोरंजन नहीं कर पाए और 23 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।