भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को श्रीलंका दौरे के लिए भारत की अंडर-19 वनडे टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अगले महीने होने वाले इस दौरे के लिए टीम का ऐलान किया है। जिसमें युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय को मौका मिला है। टीम श्रीलंका में 3 वनडे और 2 चार दिवसीय मैच खेलेगी।
अन्वय द्रविड़ का चयन उनके हालिया घरेलू प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। कर्नाटक अंडर-19 टीम की कप्तानी करते हुए उन्होंने विनू मांकड़ ट्रॉफी में शानदार बल्लेबाजी की और चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। अब उनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर होगा।
यह भी पढ़ें: DLS नियम से हारी इंडिया-A, 4 रन से जीता अफगानिस्तान-A; इमरान-बहीर ने जड़ी फिफ्टी
विनू मांकड़ ट्रॉफी में दिखाया दम
17 वर्षीय अन्वय द्रविड़ दाएं हाथ के बल्लेबाज और विकेटकीपर हैं। हाल ही में समाप्त हुई विनू मांकड़ ट्रॉफी में उन्होंने कर्नाटक को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। टूर्नामेंट की छह पारियों में उन्होंने 220 रन बनाए और 55 की औसत से बल्लेबाजी की। वह अपनी टीम के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे। यही प्रदर्शन उनके चयन की सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है।
अन्वय इससे पहले नवंबर 2025 में भारत बी अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने बेंगलुरु में अफगानिस्तान अंडर-19 के खिलाफ मुकाबला खेला था। हालांकि उस मैच में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे, लेकिन विकेट के पीछे दो कैच पकड़कर अपनी उपयोगिता साबित की थी। अब उन्हें पहली बार भारतीय अंडर-19 मुख्य टीम के साथ विदेशी दौरे पर जाने का मौका मिला है।
श्रीलंका दौरे का पूरा कार्यक्रम
भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 वनडे मुकाबले 4, 6 और 9 जुलाई को हंबनटोटा में खेले जाएंगे। इसके बाद 13 से 16 जुलाई तक गॉल और 20 से 23 जुलाई तक कोलंबो में 2 चार दिवसीय मैच होंगे। टीम की कप्तानी मध्य प्रदेश के यशबर्धन सिंह चौहान करेंगे, जबकि उत्तराखंड के लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान होंगे। दिलचस्प बात यह है कि राहुल द्रविड़ के बड़े बेटे समित द्रविड़ को भी 2024 में भारतीय अंडर-19 टीम में चुना गया था लेकिन चोट के कारण वह नहीं खेल सके थे।
श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया अंडर-19 टीम
- इंडिया अंडर-19 वनडे स्क्वॉड
सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (वाइस कैप्टन), यशबर्धन सिंह चौहान (कैप्टन), विनीत वी के, अर्जुन राजपूत, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल (विकेटकीपर), अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अनमोलजीत सिंह, वुटकुरी यशवीर गौड़, रोहित अनिल यादव, शविन वी, काव्या परेश पटेल, मोहित उलवा, इशान सूद।
- इंडिया अंडर-19 चार दिवसीय मैच स्क्वॉड
सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (वाइस कैप्टन), यशबर्धन सिंह चौहान (कैप्टन), पटेल कुश, मनाल चौहान, कुशाग्र ओझा, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), आर्यन संदेश सकपाल (विकेटकीपर), हेमचूडेशन जे, बीके किशोर, रोहित अनिल यादव, काव्या परेश पटेल, प्रियांशु सिंह, प्रणव राघवेंद्र, चिगुरुपति वेंकट।