भारत ने वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से ऐतिहासिक ओपनिंग साझेदारी देखने को मिली। ईशान किशन के चोटिल होने की वजह से
वैभव सूर्यवंशी
को लगातार दूसरे मैच में मौका दिया गया। हालांकि, पिछले मैच से अलग इस बार वैभव को अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए भेजा गया। 199 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दोनों बल्लेबाजों ने महज 6 ओवर में 118 रन जोड़ दिए। यह पुरुष टी-20 इंटरनेशनल में अब तक की सबसे तेज ओपनिंग साझेदारी है। वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का चौथा शतक जड़ दिया। मैच के बाद अभिषेक ने वैभव से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। इसका संबंध बॉलीवुड फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ के एक डायलॉग से है।
फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ में एक सीन है, जिसमें मिल्खा सिंह का किरदार निभा रहे फरहान अख्तर रेस के लिए ट्रैक पर जाते हैं। तभी पीछे से पाकिस्तानी कोच की आवाज आती है कि मिल्खा सिंह, यह आपके जीवन की आखिरी रेस साबित हो सकती है। इस पर मिल्खा सिंह जवाब देते हैं, ‘भागूंगा भी वैसे ही।’ इसके बाद वह रेस में अपने प्रतिद्वंद्वी को पीछे छोड़ देते हैं। अभिषेक शर्मा ने बताया कि मैच से पहले नेट प्रैक्टिस के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने इसी डायलॉग से प्रेरित होकर उनसे एक बात कही थी। वैभव ने कहा था कि वह भी उसी अंदाज में बल्लेबाजी करेंगे।
अभिषेक शर्मा ने सुनाया दिलचस्प किस्सा
मैच के बाद अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने अपनी-अपनी पारियों के बारे में बात की। बीसीसीआई की ओर से जारी वीडियो में अभिषेक ने वैभव के बारे में कहा, ‘वैभव ने कल नेट्स में मुझे एक बात बोली थी। उन्होंने कहा था कि मैं आज खेलूंगा भी वैसे ही, जैसे ‘भाग मिल्खा भाग’ में डायलॉग है कि भैया, खेलूंगा भी वैसे ही।’
इसके बाद अभिषेक ने वैभव से पूछा कि क्या उन्होंने पहली ही गेंद पर चौका लगाने का फैसला पहले से कर रखा था? इस पर वैभव ने कहा, ‘बिल्कुल, दिमाग में तो था ही। पिछले मैच में मैंने सोचा था कि थोड़ा समय ले लूं। मैं अपने टी-20 खेलने के अंदाज के खिलाफ जाने की कोशिश कर रहा था। इस बार मुझे पावरप्ले में खेलने का मौका मिल रहा था, तो मैं जितनी अच्छी शुरुआत दे सकता था, देना चाहता था। इससे टीम के लिए रन चेज आसान हो जाता।’
यह भी पढ़ें: ‘दिसंबर से पहले बता दूंगा’, अगले IPL में खेलने को लेकर बोले धोनी
अभिषेक के शतक पर क्या बोले वैभव?
अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों पर 9 चौकों और 11 छक्कों की मदद से 113 रन की तूफानी पारी खेली। यह उनके टी-20 इंटरनेशनल करियर का चौथा शतक था। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
वैभव ने अभिषेक की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा, ‘अभिषेक शर्मा की बैटिंग पर कोई कुछ बोल ही नहीं सकता। हम लोग तो जानते ही हैं कि अभिषेक भैया किस तरह खेलते हैं। जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहे थे, न्यूजीलैंड की टीम जल्दी ही मैच से बाहर हो गई। अगर यह मैच लाइव नहीं आता, तो गाँव पर लोग बोलते कि छत पर क्रिकेट चल रहा है।’
यह भी पढ़ें: CJP के सौरव दास से कनेक्शन पर क्या बोले सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज संजय किशन कौल?
संजू सैमसन को लेकर क्या बोले अभिषेक शर्मा?
तीसरे टी-20 में वैभव सूर्यवंशी को ओपनिंग का मौका देने के लिए
संजू सैमसन
को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरना पड़ा। इस फैसले पर बात करते हुए अभिषेक शर्मा ने टीम के माहौल और संजू के रवैये की तारीफ की।
अभिषेक ने कहा, ‘मैं एक चीज और बोलना चाहूंगा। आज हमने ओपनिंग की, जबकि संजू भाई ओपन करते आ रहे थे। हमें टीम में दिख रहा है कि सब सेल्फलेस हैं। आज टीम ने जो दिखाया, जो माहौल था, वह शानदार था। संजू भाई ने पिछले दो मैचों में जिस तरह की पारियां खेली हैं, उसके बाद किसी को भी लग सकता है कि कोई उसकी पोजिशन पर खेल रहा है। लेकिन संजू पाजी ने अपना कैरेक्टर दिखाया।पूरी टीम ने करैक्टर दिखाया।’