logo

मूड

ट्रेंडिंग:

2018 के बॉल टैंपरिंग कांड की फिर होगी जांच, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा फैसला

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया 2018 के बॉल टैंपरिंग विवाद पर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बयान फिर सुनेगा। इसके लिए स्वतंत्र कमेटी बनेगी। हालांकि, इस प्रक्रिया में किसी पर नई कार्रवाई नहीं होगी।

Pat Cummins

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम कप्तान। (Photo Credit: PTI)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 का बॉल टैंपरिंग विवाद एक बार फिर चर्चा में है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने इस मामले को लेकर नया कदम उठाया है। बोर्ड अब एक स्वतंत्र कमेटी बनाएगा। यह कमेटी 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गई ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बयान दोबारा सुनेगी। बोर्ड को उम्मीद है कि इससे लंबे समय से चले आ रहे विवाद पर विराम लग सकेगा।

 

यह मामला उस समय फिर सुर्खियों में आया, जब उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा ‘Sabr’ प्रकाशित हुई। ख्वाजा ने दावा किया कि टीम के सभी खिलाड़ियों को गेंद पर सैंडपेपर इस्तेमाल करने की जानकारी थी। हालांकि, 2018 में केपटाउन टेस्ट के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ तीन खिलाड़ियों- स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर कार्रवाई की थी।

पूरे मामले में पर्दा डालने जैसा: वॉर्नर

ख्वाजा के हालिया दावों के बाद टीम के पूर्व खिलाड़ियों के बयान भी सामने आए हैं। डेविड वॉर्नर और चैड सायर्स ने ख्वाजा की बातों का समर्थन किया। वहीं मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस अब भी कह रहे हैं कि गेंदबाजों को सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी नहीं थी। हालांकि, मिचेल मार्श ने इस मामले पर चुप्पी बनाए रखी है।

 

यह भी पढ़ें: सैंडपेपर विवाद पर बोलकर खुद घिरे उस्मान ख्वाजा, कैंसिल कर दिए इंटरव्यू

 

डेविड वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की 2018 की जांच को अधूरा बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मेरी जानकारी के अनुसार, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2018 की जांच में जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और नाथन लायन से पूछताछ नहीं की थी। अगर ऐसा है तो बोर्ड यह कैसे कह सकता है कि गेंदबाजों को इस बारे में कुछ पता नहीं था?'

 

वॉर्नर ने आगे कहा, 'ऐसा लगता है कि बोर्ड ने शुरुआत में ही तय कर लिया था कि किसे दोषी ठहराना है। इसके बाद उसी हिसाब से अधूरी जांच की गई। अब भी यह कहानी बनाए रखी जा रही है कि गेंदबाजों को कुछ पता नहीं था। यह पूरे मामले पर पर्दा डालने जैसा लगता है।'

खिलाड़ियों को दोबारा बयान देने का मौका मिलेगा

बुधवार को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन डेविड बून और CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने नई कमेटी की जानकारी दी। इसके तहत 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे में शामिल खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ गोपनीय माहौल में अपना पक्ष रख सकेंगे।

 

ग्रीनबर्ग ने साफ किया कि यह पुरानी जांच को दोबारा शुरू करने या किसी को फिर से दोषी ठहराने की प्रक्रिया नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अब किसी नए खिलाड़ी पर प्रतिबंध भी नहीं लगाया जाएगा।

करीब एक महीने चलेगी पूरी प्रक्रिया

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक, कमेटी के सामने दिए गए बयान गोपनीय रखे जाएंगे। हालांकि, इनमें से कौन-सी जानकारी सार्वजनिक करनी है, इसका फैसला बोर्ड करेगा। पूरी प्रक्रिया में करीब एक महीने का समय लग सकता है।

 

इस कदम को 2018 के विवाद पर फिर से उठे सवालों का जवाब तलाशने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि नई कमेटी के सामने कौन-कौन खिलाड़ी अपनी बात रखते हैं। इसी के साथ इससे पुराने विवाद के कौन-से पहलू सामने आते हैं।


और पढ़ें