logo

मूड

ट्रेंडिंग:

दिव्या देशमुख-विदित गुजराथी को अर्जुन पुरस्कार, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार, 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में खेल पुरस्कार वितरित किए। शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित गुजराथी को वर्ष 2025 के अर्जुन पुरस्कार मिला है।

Divya Deshmukh Vidit Gujrathi Arjun Award 2025

अर्जुन पुरस्कार 2025।Photo Credit: Chess Base India Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार, 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित गुजराथी को वर्ष 2025 के अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। दोनों खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के लिए यह सम्मान मिला। दिव्या महिला शतरंज विश्व कप जीतकर इतिहास रच चुकी हैं। वहीं, विदित 2023 में FIDE ग्रैंड स्विस टूर्नामेंट जीतकर 2024 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं।

 

दोनों खिलाड़ी 2024 में बुडापेस्ट में हुए शतरंज ओलंपियाड में भारत की स्वर्ण पदक जीतने वाली टीमों का हिस्सा थे। दिव्या भारतीय महिला टीम में थीं, जबकि विदित पुरुष टीम के लिए खेले थे। इस उपलब्धि के साथ दोनों के करियर में अर्जुन पुरस्कार एक और बड़ी कामयाबी बन गया है।

दिव्या देशमुख: महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय

20 साल की दिव्या देशमुख नागपुर की रहने वाली हैं। वह भारत की चौथी महिला ग्रैंडमास्टर हैं। साल 2024 उनके करियर के लिए खास रहा। उन्होंने विश्व जूनियर बालिका शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीता। इसी साल बुडापेस्ट में हुए शतरंज ओलंपियाड में भारतीय महिला टीम के साथ गोल्ड मेडल भी हासिल किया। उन्होंने बोर्ड-3 पर खेलते हुए व्यक्तिगत गोल्ड भी जीता।

 

यह भी पढ़ें: भारत को मिला 100वां ग्रैंड मास्टर, क्या है 22 साल के अनुज श्रीवत्री की कहानी?

 

साल 2025 में दिव्या ने जॉर्जिया के बातुमी में FIDE महिला शतरंज विश्व कप जीता। फाइनल में उनका मुकाबला भारत की अनुभवी खिलाड़ी कोनेरू हम्पी से हुआ। दिव्या ने टाईब्रेक में हम्पी को हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही वह महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं। इस जीत के बाद उन्हें ग्रैंडमास्टर का खिताब भी मिला।

विदित गुजराथी: 18 साल की उम्र में बने ग्रैंडमास्टर

महाराष्ट्र के नासिक में जन्मे विदित गुजराथी का पूरा नाम विदित संतोष गुजराथी है। उन्होंने कम उम्र में ही शतरंज में अपनी पहचान बना ली थी। साल 2008 में उन्होंने अंडर-14 विश्व युवा शतरंज चैंपियनशिप जीती। साल 2013 में 18 साल की उम्र में वह ग्रैंडमास्टर बने। वह भारत के 30वें ग्रैंडमास्टर हैं।

विदित के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 2023 का FIDE ग्रैंड स्विस टूर्नामेंट जीतना शामिल है। इस जीत के साथ उन्होंने 2024 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में जगह बनाई। यह टूर्नामेंट विश्व चैंपियनशिप के चैलेंजर का फैसला करता है। कनाडा के टोरंटो में हुए इस टूर्नामेंट में विदित आठ खिलाड़ियों के बीच छठे स्थान पर रहे। उन्होंने दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी हिकारू नाकामुरा को दोनों मुकाबलों में हराया था।

 

विदित 2023 में हांगझोऊ में हुए एशियन गेम्स में भारत की पुरुष शतरंज टीम का हिस्सा थे। टीम ने सिल्वर मेडल जीता था। इसके बाद 2024 में बुडापेस्ट में हुए 45वें शतरंज ओलंपियाड में भारतीय पुरुष टीम ने गोल्ड मेडल हासिल किया। विदित इस टीम में शामिल थे। इससे पहले 2020 के ऑनलाइन शतरंज ओलंपियाड में भी उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी की थी। उस टूर्नामेंट में भारत और रूस को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।


और पढ़ें