चेतेश्वर पुजारा ने
संजू सैमसन
का समर्थन करते हुए कहा कि एक बड़ी पारी इस विकेटकीपर बल्लेबाज को दोबारा लय में ला सकती है। पुजारा का मानना है कि टी20 क्रिकेट में टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों के लिए निरंतरता के महत्व को बढ़ा-चढ़ाकर आंका जाता है। निरतंरता में कमी के कारण संजू आलोचनाओं का शिकार होते हैं। पुजारा ने कहा कि भले ही वह निरंतर प्रदर्शन नहीं करते हैं लेकिन वह कभी भी फॉर्म से बाहर नहीं रहते।
वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज 2-2 से बराबर रही थी। इस सीरीज में संजू भारत की ओर से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। पुजारा ने जियोहॉटस्टार के एक कार्यक्रम में सैमसन के उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन पर कहा, 'निरंतरता होनी चाहिए लेकिन टी20 में टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों के मामले में मुझे लगता है कि इसे जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जाता है।'
यह भी पढ़ें: भारत ने कमाए 285 करोड़... वेस्टइंडीज को नहीं मिला एक भी पैसा, क्या बोले सैमी?
संजू को चाहिए सिर्फ एक पारी - पुजारा
पुजारा ने कहा, 'सैमसन कभी भी पूरी तरह फॉर्म से बाहर नहीं होते। टी20 फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है लेकिन बात सिर्फ एक पारी की होती है। वह एक अच्छी पारी खेलते हैं और फिर लय हासिल कर लेते हैं। ऐसे में आप यह नहीं कह सकते कि कोई खिलाड़ी लय में नहीं है। टी20 क्रिकेट में असफलताएं मिलना तय है। इस फॉर्मेट में कौन ऐसा है जो आउट नहीं होता?'
पुजारा ने न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में सैमसन और
वैभव सूर्यवंशी
के एक साथ भारत की प्लेइंग-XI में खेलने की संभावना पर भी संदेह जताया। उन्होंने कहा कि वहां टीम को बेहतर संतुलन के लिए अतिरिक्त हरफनमौला खिलाड़ियों की जरूरत पड़ सकती है। उन्होंने कहा, 'न्यूजीलैंड में वैभव का हर मैच खेलना थोड़ा मुश्किल लग रहा है, क्योंकि वहां आपको अधिक हरफनमौला खिलाड़ियों की जरूरत होगी। ये स्पिन गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर या तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर हो सकते हैं। वहां खासकर शीर्ष क्रम में बहुत ज्यादा बल्लेबाजों की जरूरत नहीं होगी।'
'वैभव को करना होगा इंतजार'
पुजारा ने कहा, 'संजू सैमसन या वैभव में से कोई एक पारी की शुरुआत कर सकता है। मुझे नहीं लगता कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में दोनों एक साथ अंतिम एकादश का हिस्सा बन पाएंगे। इसलिए वैभव को इंतजार करना पड़ सकता है लेकिन उन्हें मौके जरूर मिलेंगे।'