भारत के खिलाफ ओवल टेस्ट में इंग्लैंड को तगड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स चोट के चलते मुकाबले से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने दूसरे दिन (1 अगस्त) का खेल शुरू होने से पहले ट्वीट करके यह जानकारी दी। ECB ने कहा कि वोक्स की चोट का मुल्यांकन मैच के बाद किया जाएगा। रिपोर्ट्स हैं कि वोक्स के कंधे में गंभीर चोट है। इससे उनका करियर भी खतरे में पड़ सकता है।
क्रिस वोक्स ने मुकाबले के पहले दिन (गुरुवार) मिड ऑफ से गेंद का पीछा करते हुए लॉन्ग ऑफ बाउंड्री पर डाइव लगाकर चौका बचाने के प्रयास किया था। वह कंधे के बल गिरे थे, जिसके बाद वह बेहद दर्द में नजर आए। उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया। आशंका जताई जा रही थी कि वह ओवल टेस्ट में आगे हिस्सा नहीं ले पाएंगे। ECB ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि कर दी।
यह भी पढ़ें: करुण नायर ने खत्म किया इंतजार, तिहरा शतक के बाद पहली बार जड़ा अर्धशतक
वोक्स ने खेले लगातार 5 टेस्ट
36 साल के क्रिस वोक्स इस सीरीज के सभी 5 टेस्ट मैचों में उतरे। पांचवें टेस्ट में उन्हें आराम दिए जाने की संभावना थी। मगर बेन स्टोक्स की गैरमौजूदगी में इंग्लैंड के अनुभवहीन पेस अटैक को लीड करने की उन्हें जिम्मेदारी दी गई। ऐसे में वोक्स का चोटिल होना इंग्लैंड के लिए बड़ा झटका है। वोक्स ने मौजूदा सीरीज में 9 पारियों में 11 विकेट लिए और बल्ले से उन्होंने 64 रन का योगदान दिया।
यह भी पढ़ें: पहले मैच में शतक फिर फ्लॉप... यशस्वी जायसवाल के साथ ऐसा क्यों हो रहा?
भारत की पारी 224 पर सिमटी
मुकाबले की बात करें तो दूसरे दिन भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 224 रन ढेर पर हो गई है। 206/4 के अपने स्कोर को आगे बढ़ाने उतरी टीम इंडिया महज 18 रन ही जोड़ पाई। करुण नायर ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। गस एटकिंसन ने आज 3 जबकि जोश टंग ने 1 विकेट झटका और वोक्स की अनुपस्थिति का उतना एहसास नहीं होने दिया। एटकिंसन ने पहले दिन यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल का विकेट झटका था। इस तरह उन्होंने 5 विकेट हॉल पूरा किया।