IPL 2025: हो गया ऐलान, दिल्ली कैपिटल्स के नए कप्तान होंगे अक्षर पटेल
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दिल्ली कैपिटल्स टीम ने अपने नए कप्तान के नाम का ऐलान कर ही दिया है। स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते नजर आएंगे।

दिल्ली कैपिटल्स के नए कप्तान अक्षर पटेल, File Photo Credit: PTI
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 शुरू होने से एक हफ्ते पहले दिल्ली कैपिटल्स टीम ने अपने नए कप्तान का ऐलान कर दिया है। भारतीय टीम के ऑलराउंडर और दिल्ली कैपिटल्स में लंबे समय से खेल रहे अक्षर पटेल को नया कप्तान बनाया गया है। पिछले 3 साल से दिल्ली कैपिटल्स ऋषभ पंत की कप्तानी में खेल रही थी लेकिन इस बार ऋषभ पंत लखनऊ सुपर जाएंट्स में चले गए हैं। रोचक बात यह है कि दिल्ली कैपिटल्स ने 2008 से लेकर अभी तक कुल 13 कप्तान नियुक्त किए थे। अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स के 14वें कप्तान होंगे।
दिल्ली कैपिटल्स ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो पोस्ट करके इसकी जानकारी दी है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि कप्तान के नाम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है लेकिन दिल्ली कैपिटल्स कप्तान के नाम का अनाउंसमेंट ही नहीं कर रहा है। वीडियो में मोहित शर्मा भी यही सवाल पूछते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, कोच मुनाफ पटेल भी इस वीडियो में देखे जा सकते हैं। वीडियो में के एल राहुल भी नजर आते हैं लेकिन वह भी कप्तान का नाम नहीं बताते हैं। वीडियो के आखिर में खुद अक्षर पटेल नजर आते हैं और अपने नाम का ऐलान वह खुद ही करते हैं। वह कहते हैं, 'थोड़ी देर हो गई क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में बिजी था लेकिन अब आपका कप्तान आ गया है।'
यह भी पढ़ें- दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर बनने के बाद क्या बोले केविन पीटरसन?
बता दें कि अक्षर पटेल को इसी साल जनवरी महीने में भारतीय टी20 टीम का उप-कप्तान बनाया गया था। इससे पहले वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में गुजरात की कप्तानी भी कर चुके हैं। IPL के पिछले सीजन के एक मैच में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी भी की थी लेकिन उस मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हार का सामना करना पड़ा था।
क्या बोले अक्षर पटेल?
कप्तान बनाए जाने के बाद अक्षर पटेल ने कहा है, 'मेरे लिए दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करना बेहद सम्मान की बात है। मैं टीम के ओनर्स और सपोर्ट स्टाफ के प्रति आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने मुझमें भरोसा जताया। मैं एक क्रिकेटर और एक इंसान के तौर पर दिल्ली कैपिटल्स में काफी आगे बढ़ा हूं और मुझे लगता है कि मैं इस टीम को लीड करने के लिए तैयार हूं।' बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स में फाफ डुप्लेसिस और के एल राहुल जैसे खिलाड़ी भी हैं जो आईपीएल में अलग-अलग टीमों की कप्तानी कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें- 2 साल के बैन का खतरा, फिर भी हैरी ब्रूक ने क्यों छोड़ा IPL?
A new era begins today 💙❤️ pic.twitter.com/9Yc4bBMSvt
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) March 14, 2025
अक्षर पटेल और IPL
आईपीएल में अक्षर पटेल के आंकड़े जोरदार रहे हैं। बॉलिंग के साथ-साथ आईपीएल में वह कई बार ताबड़तोड़ बैटिंग करते भी नजर आए हैं। अब तक कुल 150 IPL मैच खेल चुके अक्षर पटेल ने कुल 113 पारियों में 1653 रन बनाए हैं। वहीं, वह 123 विकेट ले चुके हैं। दिल्ली कैपिटल्स से पहले वह किंग्स XI पंजाब और मुंबई इंडियंस का भी हिस्सा रहे हैं। साल 2013 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे अक्षर पटेल को उस टीम से खेलने का मौका नहीं मिला था। 2014 में वह किंग्स XI पंजाब (अब पंजाब किंग्स) में गए और 2018 तक उसी के लिए खेलते रहे।
2019 के ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने अक्षर पटेल को 5 करोड़ रुपये में खरीदा था। तब से वह लगातार दिल्ली कैपिटल्स के साथ बने हुए हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले 9 करोड़ में उन्हें रिटेन भी किया था। 2025 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने 16.50 करोड़ रुपये की मोटी रकम खर्च करके अक्षर पटेल को रिटेन किया था। अक्षर के अलावा दिल्ली कैपिटल्स ने कुलदीप यादव, ट्रिस्टन स्टब्स और अभिषेक पोरेल को रिटेन किया था।
दिल्ली कैपिटल्स के पुराने कप्तान
साल 2008 में IPL की शुरुआत से लेकर दिल्ली कैपिटल्स की टीम लगातार बदलावों से गुजरी है। साल 2008 और 2009 में वीरेंद्र सहवाग ने टीम की कप्तानी की। 2010 में गौतम गंभीर और 2011, 2012 में फिर से वीरेंद्र सहवाग ने कप्तानी की। 2013 में महेला जयवर्धने, 2014 में केविन पीटरसन, 2015 में जे पी डुमिनी ने टीम की कप्तानी संभाली। 2016 में जेपी डुमिनी और जहीर खान ने कप्तानी की और 2017 में जहीर खान ही फुल टाइम कप्तान रहे।
2018 में गौतम गंभीर ने कुछ समय कप्तानी की लेकिन सीजन के आखिर तक श्रेयस अय्यर कप्तान बना दिए गए। 2019, 2020 में श्रेयस अय्यर ही कप्तान रहे। 2021 में उनकी गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत कप्तान बने और 2022 में भी जिम्मेदारी संभाली। 2023 में जब ऋषभ पंत चोटिल हुए तो डेविड वॉर्नर ने कप्तानी की। 2024 में ऋषभ पंत की वापसी हुई और अब जब ऋषभ पंत टीम में नहीं हैं तो अक्षर पटेल को नया कप्तान बनाया गया है।
IPL 2025 में किस टीम का कप्तान कौन?
दिल्ली कैपिटल्स- अक्षर पटेल
लखनऊ सुपर जाएंट्स-ऋषभ पंत
कोलकाता नाइट राइडर्स- अजिंक्य रहाणे
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु- रजत पाटीदार
गुजरात टाइटंस- शुभमन गिल
पंजाब किंग्स- श्रेयस अय्यर
मुंबई इंडियंस- हार्दिक पांड्या
चेन्नई सुपरकिंग्स- ऋतुराज गायकवाड़
राजस्थान रॉयल्स- संजू सैमसन
सनराइजर्स हैदराबाद- पैट कमिंस
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap