दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 का रोमांच जारी है। इस लीग में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए खेल रहे हैं। 18 साल के आर्यवीर DPL में अपने पिता के अंदाज में शॉट्स लगाकर सुर्खियों में आ गए हैं। उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमे वह अपने पिता की तरह की शॉट्स लगाते दिख रहे हैं।
टूर्नामेंट के ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने पिता-पुत्र की बल्लेबाजी की तकनीक की तुलना करते हुए एक वीडियो शेयर किया है। फैंस का कहना है कि इस वीडियो में आर्यवीर के शॉट्स खेलने का अंदाज सीनियर सहवाग के पुराने दिनों की यादें ताजा कर रहा है। आर्यवीर ने अपने पिता के पसंदीदा शॉट्स में शामिल बैकफुट पंच, स्क्वेयर ड्राइव और कवर ड्राइव उन्हीं की तरह खेल फैंस का मन मोहल लिया है।
यह भी पढ़ें: लड़ाई, सफाई, ICC का जुर्माना... मुश्किलों में घिरे यशस्वी को दिग्गजों ने सुनाया
कब का है वीडियो?
आर्यवीर का यह वीडियो 19 अगस्त है। इस दिन उनकी टीम वेस्ट दिल्ली लायंस की टक्कर नई दिल्ली टाइगर्स से हुई थी। हिम्मत सिंह की कप्तानी वाली नई दिल्ली टाइगर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 195 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में आर्यवीर ने वेस्ट दिल्ली लायंस को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। उन्होंने 22 रन की छोटी लेकिन इम्पैक्टफुल पारी खेली। आर्यवीर ने अपनी इस पारी के दौरान 4 चौके जड़े, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
आर्यवीर के आउट होने के बाद नीतीश राणा (23 गेंद में 50 रन) और कप्तान आयुष दोसेजा (33 गेंद में 64 रन) ने आतिशी अर्धशतकीय पारियां खेल वेस्ट दिल्ली लायंस को 4 गेंद पहले ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
यह भी पढ़ें: 'वैभव टेस्ट टीम में जगह बनाएगा...' राहुल द्रविड़ का बड़ा बयान
DPL 2026 आर्यवीर का प्रदर्शन कैसा है?
दाएं हाथ के बल्लेबाज आर्यवीर ने DPL के इस सीजन सिर्फ 2 ही मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 24 रन दर्ज है। आर्यवीर शनिवार (22 अगस्त) को 7 गेंद खेलकर 2 रन ही बना सके। इस मुकाबले में उनकी टीम को 21 रन से हार का सामना करना पड़ा। सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ 233 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस की टीम 20 ओवर में 8 खोकर 211 रन ही बना सकी।