logo

ट्रेंडिंग:

इंग्लैंड-जिम्बाब्वे के बीच खेला जा रहा 4 दिन का टेस्ट, क्या हैं नियम?

इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के बीच 4 दिन का टेस्ट मैच खेला जा रहा है। आम तौर पर टेस्ट मैच 5 दिन का होता है। जानिए चार दिनी टेस्ट में क्या नियम होते हैं। 

Ben Duckett Zak Crawley

शतक लगाने के बाद अपने ओपनिंग पार्टनर जैक क्राउली के साथ जश्न मनाते बेन डकेट। (Photo Credit: England Cricket/X)

जिम्बाब्वे की क्रिकेट टीम 22 साल बाद इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेलने उतरी है। इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच में दोनों टीमों की टक्कर नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज ग्राउंड पर हो रही है। यह टेस्ट मैच 5 दिन के बजाय 4 दिन का खेला जा रहा है। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली टीम ने पहले दिन स्टंप्स तक 3 विकेट के नुकसान पर 498 रन बना लिए हैं। यह इंग्लैंड की सरजमीं पर किसी टेस्ट मैच के पहले दिन सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है। 

 

ओली पोप 169 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। हैरी ब्रूक (9) उनका साथ निभा रहे हैं। इससे पहले जैक क्राउली (124) और बेन डकेट (140) शतकीय पारियां खेलकर पवेलियन लौटे। वहीं जो रूट ने 34 रन बनाए। इस पारी के दौरान रूट ने टेस्ट क्रिकेट में 13,000 रन के आंकड़े को पार किया। लंबे समय बाद इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट खेल रही जिम्बाब्वे की टीम दूसरे दिन कैसे वापसी करती है यह देखना अहम होगा। उससे पहले इस 4 दिनी टेस्ट मैच से जुड़े नियम जानते हैं।

 

दिन में फेंके जा सकते हैं 98 ओवर 

 

4 दिन के टेस्ट मैच में प्रतिदिन अधिकतम 98 ओवर डाले जा सकते हैं, जबकि 5 दिवसीय टेस्ट में एक दिन में अधिकतम 90 ओवर का खेल होता है। ऐसे में इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के बीच टेस्ट मैच में 392 ओवर ही डाले जा सकते हैं। अगर यह 5 दिन का टेस्ट होता तो 450 ओवर फेंके जा सकते थे। हालांकि इंग्लैंड-जिम्बाब्वे टेस्ट मैच में पहले दिन 88 ओवर का ही खेल हो सका।

 

यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा के 90 मीटर पार करने पर बोले अरशद नदीम - मेरा लक्ष्य 100m

 

एक दिन में कितने घंटे का होगा खेल?

 

इंग्लैंड बनाम जिम्बाब्वे 4 दिवसीय टेस्ट मैच में प्रतिदिन साढ़े 6 घंटे का खेल होगा। ओवर्स पूरा करने के लिए आधे घंटे का समय बढ़ाया भी जा सकता है। नॉर्मल टेस्ट मैच में हर दिन 6 घंटे का खेल होता है। इसमें भी अतिरिक्त 30 मिनट समय जोड़ने का विकल्प रहता है।

 

फॉलोऑन के लिए कितने रन की चाहिए होगी बढ़त?

 

4 दिन के टेस्ट मैच में फॉलोऑन मार्जिन 150 रन का होता है, जबकि 5 दिवसीय टेस्ट मैच में 200 या उससे ज्यादा रन की बढ़त होने पर फॉलोऑन लागू होता है। 

 

यह भी पढ़ें: मिचेल मार्श ने ठोका शतक, IPL में बना ये अनोखा रिकॉर्ड

 

दूसरी नई गेंद के लिए क्या है नियम?

 

दूसरी नई गेंद के लिए नियम में कोई अंतर नहीं है। हर पारी में 80 ओवर के बाद दूसरी नई गेंद उपलब्ध होगी। 

 

इंग्लैंड में आखिरी बार कब हुआ था 4 दिन का टेस्ट?

 

इंग्लैंड में आखिरी बार 4 दिन का टेस्ट मैच 2023 में खेला गया था। उस मुकाबले में इंग्लैंड की टीम आयरलैंड से भिड़ी थी। इंग्लैंड और आयरलैंड के बीच वह 4 दिवसीय टेस्ट मैच 3 दिन के अंदर ही खत्म हो गया था। 

 

इंग्लैंड-जिम्बाब्वे के बीच कब हुआ था आखिरी टेस्ट?

 

इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के बीच आखिरी टेस्ट मैच 2003 में खेला गया था। इस मुकाबले से जेम्स एंडरसन ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। एंडरसन के संन्यास के बाद ये दोनों टीमें इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में एक बार फिर आमने-सामने हैं।

Related Topic:#England vs Zimbabwe

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap