यूरोप की पहली बड़ी टी20 लीग 'यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL)' की शुरुआत हो गई है। फ्रेंचाइजी आधारित इस लीग का आगाज 26 अगस्त से हुआ और यह 20 सितंबर तक चलेगी। इसमें 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारतीय दिग्गज रविचंद्रन अश्विन और अजिंक्य रहाणे भी इस लीग में खेल रहे हैं। रहाणे ने पिछले महीने इंटरनेशनल और भारतीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। रिटायरमेंट के बाद यह उनकी पहली फ्रेंचाइजी लीग है। रहाणे एम्स्टर्डम फ्लेम्स की टीम में हैं। इस टीम के सह-मालिक ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव वॉ हैं।
अश्विन ने दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद इंडियन प्रीमियर लीग (
IPL
) के 2025 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलते नजर आए। हालांकि यह सीजन समाप्त होते ही उन्होंने 27 अगस्त 2025 को IPL से भी रिटायरमेंट की घोषणा कर दी। अब वह विदेशी लीग्स में खेल रहे हैं।
अश्विन को बिग बैश लीग के लिए साइन किया गया था लेकिन वह चोट के चलते बाहर हो गए। अश्विन इस साल अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट में खेलते दिखे थे। अब वह ETPL में उतरे हैं। वह डब्लिन गार्डियंस की टीम का हिस्सा हैं। इस टीम के वह कप्तान और मेंटोर भी हैं।
यह भी पढ़ें: कोलंबो टेस्ट ड्रॉ होने से भारत को झटका, WTC पॉइंट्स टेबल में टॉप-4 का सपना टूटा
ETPL में और कौन-कौन भारतीय खिलाड़ी हैं?
यूरोप की इस लीग में रहाणे अश्विन के अलावा विजय शंकर भी बतौर हिस्सा ले रहे हैं। तमिलनाडु के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर ने कुछ ही महीने पहले भारतीय क्रिकेट से संन्यास लिया है। वह लंका प्रीमियर में खेलकर आ रहे हैं। विजय शंकर, अश्विन के साथ डब्लिन गार्डियंस का हिस्सा हैं। खास बात है कि इस टीम के सह-मालिक राहुल द्रविड़ हैं।
द्रविड़ के साथ भारतीय टीम और राजस्थान रॉयल्स के कोचिंग सेटअप का हिस्सा रह चुके विक्रम राठौड़ डब्लिन गार्डियंस के कोच बनाए गए हैं। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वरुण एरोन ग्लास्गो कॉस्मिक के बॉलिंग कोच हैं।
यह भी पढ़ें: सोनल दिनुषा ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में ऐसा करने वाले पहले श्रीलंकाई
ETPL में कप्तान कौन-कौन है?
इस लीग की छह टीमें - डब्लिन गार्डियंस, एम्स्टर्डम फ्लेम्स, ग्लासगो कॉस्मिक, रॉटरडैम डॉकर्स, बेलफास्ट वॉल्व्स, एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स हैं। आर अश्विन के हाथों में डब्लिन गार्डियंस की कमान है। एम्स्टर्डम फ्लेम्स की कप्तानी स्कॉट एडवर्ड्स करेंगे। पहले इस टीम के कप्तान मिचेल मार्श बनाए गए थे लेकिन उन्होंने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया।
ग्लेन मैक्सवेल बेलफास्ट वॉल्व्स के सह-मालिक है। वह इस टीम की कप्तानी भी करते नजर आएंगे। फाफ डुप्लेसी भी रॉटरडैम डॉकर्स के साथ को-ओनर और कप्तान के रोल में हैं। ग्लासगो कॉस्मिक की बागडोर जॉर्ज मुंसी के हाथों में है।
नियम क्या हैं?
ETPL 2026 में कुल 32 मुकाबले खेले जाने हैं। लीग स्टेज में हर टीम बाकी पांच टीमों के साथ डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में दो-दो मैच खेलेगी। 30 लीग मैचों के बाद जो टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहेगी, उसे सीधे फाइनल में एंट्री मिलेगी। दूसरे और तीसरे स्थान पर फिनिश करने वाली टीमों के बीच 19 सितंबर को क्वालिफायर खेला जाएगा, जिसकी विजेता टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।
टूर्नामेंट का पहला स्टेज नीदरलैंड्स के वूरबर्ग क्रिकेट क्लब में खेला जा रहा है। 9 सितंबर से बाकी मुकाबले आयरलैंड के मालाहाइड क्रिकेट क्लब में होंगे। क्वालिफायर और फाइनल यहीं खेला जाएगा।
ETPL टीमों की प्लेइंग-XI में अधिकतम 4 विदेशी खिलाड़ी रखे जा सकते हैं। यानी 4 विदेशी और 7 लोकल खिलाड़ी होंगे। दूसरा नियम यह है कि अगर टीमें अपनी प्लेइंग-XI में 2 ही विदेशी खिलाड़ी रखती हैं, तो वे 4 एसोसिएट और 5 लोकल प्लेयर्स के साथ मैदान पर उतर सकती हैं।