ACC विमेंस एशिया कप 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की टक्कर शनिवार (5 सितंबर) को हुई थी। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 55 रन पर ढेर करने के बाद 7 विकेट से आसान जीत दर्ज की। भारत के गिरे तीनों विकेट पाक कप्तान फातिमा सना के खाते में गए थे। उन्होंने शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना का विकेट चटकाया।
फातिमा ने अपने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर शेफाली का विकेट लेने के बाद उन्हें आक्रामक अंदाज में 'सेंड ऑफ' दिया था। पाक कप्तान की इस हरकत पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा एक्शन लिया है। वर्ल्ड क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी ने फातिमा पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। साथ ही उनके खाते में 1 डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है।
यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तान क्रिकेट वेंटिलेटर पर...' शोएब अख्तर ने बता दी PCB की पूरी सच्चाई
फातिमा ने मानी अपनी गलती
ICC ने सोमवार को बयान जारी कर बताया कि फातिमा ने भारत के खिलाफ विमेंस एशिया कप के ग्रुप-A मैच के दौरान ICC के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 का उल्लंघन किया था। फातिमा को ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह आर्टिकल आक्रामक 'सेंड ऑफ' से संबंधित है।
फातिमा ने शेफाली का विकेट लेने के बाद उन्हें पवेलियन की राह दिखाई थी, जिसके लिए उन पर जुर्माना लगाने के साथ उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में 1 डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया। पिछले 24 महीने में यह उनका दूसरा अपराध था, जिससे उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में 2 डिमेरिट पॉइंट्स हो गए हैं। उन्हें पिछला डिमेरिट पॉइंट 6 अगस्त, 2025 को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ टी20 मैच के दौरान मिला था।
यह भी पढ़ें: UP टी20 लीग 2026 से निकले ये गुमनाम हीरो, IPL में होगी एंट्री?
ICC ने बताया कि फातिमा ने अपनी गलती मानने के साथ-साथ मैच रेफरी सुप्रिया दास की ओर से दी गई सजा को स्वीकार कर लिया। ऐसे में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। बता दें कि लेवल 1 के उल्लंघन के लिए आधिकारिक चेतावनी से लेकर खिलाड़ी की मैच फीस के 50 प्रतिशत तक जुर्माने और एक या दो डिमेरिट पॉइंट दिए जाने का प्रावधान है।