logo

ट्रेंडिंग:

FIDE वर्ल्ड रैपिड चेस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों की क्या है रैंकिंग?

महिला रैंकिंग में कोनेरू हम्पी संयुक्त रूप से टॉप पर हैं। डी गुकेश और अर्जुन एरिगैसी ओपन वर्ग में किस पोजिशन पर हैं? यहां जानिए।

D Gukesh Arjun Erigaisi Chess

डी गुकेश और अर्जुन एरिगैसी, Photo Credit: Norway Chess/X

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

कतर की राजधानी दोहा में चल रही FIDE वर्ल्ड रैपिड चैस चैंपियनशिप में भारत की कोनेरू हम्पी संयुक्त रूप से टॉप पर बनी हुई हैं। मौजूदा चैंपियन हम्पी ने अपने धैर्य और दृढ़ता का शानदार नमूना पेश करते हुए दूसरे दिन (26 दिसंबर) महिला वर्ग में बढ़त बनाए रखी। 

 

महिला वर्ग में अब तीन राउंड का खेल होना बाकी है। हम्पी चीन की झू जिनर संग अधिकतम 8 पॉइंट्स में से 6.5 पॉइंट्स के साथ टॉप पर हैं। इन दोनों से पीछे 6 पॉइंट्स के साथ 10 खिलाड़ी हैं, जिनमें भारत की द्रोणावल्ली हरिका भी शामिल हैं।

 

महिला वर्ग में कड़ी टक्कर देखने को मिली। भारत की दो बार की वर्ल्ड रैपिड चैंपियन हम्पी ने सारा खादेम को हराकर सातवें राउंड के अंत में 6 पॉइंट्स के साथ एकमात्र बढ़त हासिल की, जबकि आठ खिलाड़ी उनसे आधे अंक पीछे थीं। रूस की ग्रैंडमास्टर गोरियाचकिना एलेक्जेंड्रा के खिलाफ आठवें राउंड में ड्रॉ खेलने से भारतीय दिग्गज खिलाड़ी का स्कोर 6.5 हो गया, जबकि झू जिनर ने दिन के आखिरी राउंड में भारत की महिला वर्ल्ड कप चैंपियन दिव्या देशमुख को हराकर हम्पी के साथ शीर्ष स्थान पर जगह बनाई।

 

यह भी पढ़ें: चेस में भारतीय खिलाड़ियों का कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए पूरी कहानी

गुकेश-एरिगैसी भी अच्छी स्थिति में

भारत के स्टार खिलाड़ी डी गुकेश और अर्जुन एरिगैसी ओपन वर्ग में मुकाबले में बने हुए हैं। ओपन वर्ग में 13 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिसमें 9 राउंड के बाद क्लासिकल फॉर्मेट के वर्ल्ड चैंपियन गुकेश और एरिगैसी 6.5-6.5 पॉइंट्स के साथ खिताब की दौड़ में हैं। यह भारतीय जोड़ी संयुक्त रूप से टॉप पर काबिज व्लादिस्लाव आर्टेमिएव और हैंस नीमन (दोनों के समान 7.5 पॉइंट्स हैं) से एक पॉइंट पीछे है। 

 

यह भी पढ़ें: कोलकाता में आमने-सामने होंगे विश्वनाथन आनंद और डी गुकेश

 

ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी और एलेक्सी सरना के खिलाफ दो ड्रॉ के साथ शुरुआत करने के बाद गुकेश ने स्पेन के डेविड एंटोन को हराया लेकिन उन्हें अगले राउंड में नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से हार का सामना करना पड़ा। रूस के 27 वर्षीय ग्रैंडमास्टर आर्टेमिएव ने वर्ल्ड नंबर-1 और 5 बार के वर्ल्ड रैपिड चैंपियन मैग्नस कार्लसन और एरिगैसी को हराकर सुर्खियां बटोरीं। संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे आर्टेमिएव और नीमन के बाद चार खिलाड़ी कार्लसन, एलेक्सी सरना, यागिज एर्दोगमस और नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव उनसे आधे पॉइंट पीछे हैं।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap