logo

मूड

ट्रेंडिंग:

विमेंस टी20 WC की दावेदार टीम इंडिया, पिछले 5 एडिशन में क्या हाल रहा है?

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से होने जा रहा है। भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार है। जानिए पिछले 5 एडिशन में टीम का प्रदर्शन कैसा रहा है।

Indian Women's T20 Team

भारतीय विमेंस टीम, Photo Credit: BCCI Women/X

ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने में महज कुछ ही दिन बच गए हैं। इंग्लैंड में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट का आगाज 12 जून से होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। भारतीय टीम हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में उतर रही है। उनका बतौर कप्तान यह लगातार पांचवां टी20 वर्ल्ड कप होगा। 37 साल की हो चुकीं हरमनप्रीत का शायद यह आखिरी ICC टूर्नामेंट भी है। 

 

वह जाते-जाते टी20 फॉर्मेट में भी टीम इंडिया को चैंपियन बनाना चाहेंगी। उन्होंने पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप में भारत को खिताब जिताकर ICC ट्रॉफी के सूखे को खत्म किया था। भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड के हाथों 3 मैचों की टी20 सीरीज को 1-2 से गंवा दिया है लेकिन फिर भी उसे खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। आइए जानते हैं पिछले 5 एडिशन में टीम का प्रदर्शन कैसा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: बस 54 रन और... सचिन-कोहली के एलीट क्लब में शामिल हो जाएंगे शुभमन गिल

2024 एडिशन

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हुए पिछले टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम सेमीफाइनल में भी जगह नहीं बना पाई थी। टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ ग्रुप-ए में रखा गया था। हरमनप्रीत कौर ब्रिगेड को पहले न्यूजीलैंड और फिर ऑस्ट्रेलिया ने के हाथों हार झेलनी पड़ी, जिससे उसका सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया।

2023 एडिशन

साउथ अफ्रीका की मेजबानी में खेले गए इस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि वह ऑस्ट्रेलियाई बाधा को पार नहीं कर पाई और खिताबी मुकाबले में जगह बनाने से महज 5 रन से चूक गई। ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल मुकाबले में 172 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में टीम इंडिया मजबूत स्थिति में होने के बावजूद 8 विकेट खोकर 167 रन ही बना सकी।

 

यह भी पढ़ें: जून की गर्मी, खाली स्टेडियम; मुल्लांपुर में टेस्ट मैच कराने पर BCCI पर उठे सवाल

2020 एडिशन

ऑस्ट्रेलिया में हुए इस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अब तक का अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हराकर अपने अभियान का जोरदार आगाज किया। इसके बाद हरमनप्रीत एंड कंपनी ने बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और श्रीलंका की चुनौती को ध्वस्त कर ग्रुप-ए में टॉप करते हुए सेमीफाइनल में कदम रखा। सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से होना था लेकिन बारिश के कारण यह मुकाबला धुल गया और अपने ग्रुप में टेबल टॉपर होने के नाते टीम इंडिया अपने पहले टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंच गई। 

 

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 80 हजार से ज्यादा दर्शक भारतीय टीम को पहली बार टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनते देखने पहुंचे लेकिन ऑस्ट्रेलिया के सामने हरमनप्रीत कौर सेना ने सरेंडर कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 184 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसका पीछा करते हुए टीम इंडिया महज 99 पर ही सिमट गई।

2018 एडिशन

भारतीय टीम का 2018 टी20 वर्ल्ड कप में भी सेमीफाइनल में ही सफर थम गया था। वेस्टइंडीज में खेले गए इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को शिकस्त दी थी लेकिन सेमीफाइनल में वह इंग्लैंड के सामने महज 112 रन पर ही सिमट गई, जिसे हेदर नाइट की कप्तानी वाली टीम ने 17.1 ओवर में 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।

2016 एडिशन

अपने घर में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेलने उतरी भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और वह ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई। मिताली राज की कप्तानी वाली टीम ने बांग्लादेश को हराकर अपने अभियान का बेहतरीन अंदाज में आगाज किया था लेकिन अगले 3 ग्रुप मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया 5 टीमों वाले ग्रुप-बी में चौथे स्थान पर रही। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम को पाकिस्तान के हाथों भी हार झेलनी पड़ी थी।


और पढ़ें