भारत और इंग्लैंड के बीच लंदन के ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच का आज (शुक्रवार) दूसरा दिन है। 6 विकेट के नुकसान पर 204 रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाने उतरी टीम इंडिया 224 रन पर ढेर हो गई है। कल नाबाद लौटे करुण नायर और वॉशिंगटन सुंदर ने दिन की सधी हुई शुरुआत की थी। मगर इंग्लैंड ने करुण का विकेट झटकने के बाद भारत की पारी समेटने में देर नहीं लगाई। भारतीय टीम ने आखिरी 4 विकेट 16 गेंद के अंतराल में गंवाए। इस बीच सिर्फ 6 रन बने, जिसमें एक लेग बाई का चौका शामिल था।
इंग्लैंड के इस पूरे दौरे पर यह पहला मौका नहीं जब भारत की पारी इस तरह से बिखरी है। हेडिंग्ले, एजबेस्टन और लॉर्ड्स टेस्ट में भी टीम इंडिया कुछ इसी तरह से ऑलआउट हुई थी। ओवल में गस एटकिंसन ने टीम इंडिया की बैटिंग कोलैप्स की कहानी लिखी। उन्होंने भारतीय लोअर ऑर्डर को निपटाने के लिए महज 3 गेंदें लीं। एटकिंसन ने 33 रन देकर कुल 5 विकेट झटके। टेस्ट क्रिकेट में उनका यह चौथा 5 विकेट हॉल रहा।
यह भी पढ़ें: ओवल टेस्ट से बाहर हुए क्रिस वोक्स, कंधे में लगी थी चोट
करुण-वॉशिंगटन की साझेदारी ने जगाई थी बड़े स्कोर की उम्मीद
गुरुवार को ओवल की हरी पिच पर टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने 123 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे। करुण नायर और ध्रुव जुरेल ने छठे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी कर भारत का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। जुरेल के आउट होने के बाद करुण को वॉशिंगटन सुंदर का साथ मिला। करुण-वॉशिंगटन ने अर्धशतकीय साझेदारी कर पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया को और झटका नहीं लगने दिया। इस बीच करुण ने अपना फिफ्टी पूरा किया। उन्होंने तिहरा शतक लगाने के बाद टेस्ट क्रिकेट में पहली बार 50 रन का आंकड़ा छूआ।
करुण 52 जबकि सुंदर 19 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों अच्छी लय में लग रहे थे और उन्होंने बड़े स्कोर की उम्मीद जगा दी थी। मगर जोश टंग ने आज के तीसरे ही ओवर में करुण (57) को LBW आउट कर भारत की उम्मीदों बड़ा झटका दिया। इसके बाद वॉशिंगटन भी चलते बने। वॉशिंगटन (26) ने पुल शॉट खेलने का प्रयास किया था लेकिन वह सीधे डीप स्क्वेयरलेग को कैच दे बैठे। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा खाता भी नहीं खोल सके।
यह भी पढ़ें: पहले मैच में शतक फिर फ्लॉप... यशस्वी जायसवाल के साथ ऐसा क्यों हो रहा?