भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। वेलिंगटन में मैच के चौथे दिन भारत ने 9 विकेट पर 720 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
ऋषभ पंत
ने 128 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल ने 78 रन बनाए। भारत को पहली पारी के आधार पर 352 रन की बढ़त मिली। जवाब में न्यूजीलैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 119 रन बना लिए हैं। टीम अभी भी भारत से 233 रन पीछे है।
चौथे दिन भारत ने 4 विकेट पर 486 रन से आगे खेलना शुरू किया। पंत और अंशुल कंबोज ने तेजी से रन बनाए। कंबोज 38 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पंत ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 135 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बन गए। पंत 128 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 10 शानदार चौके और 6 छक्के शामिल रहे।
जुरेल ने भी खेली आकर्षक पारी
पंत के आउट होने के बाद जुरेल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर के साथ अहम साझेदारी की। जुरेल ने 78 रन बनाए। सुंदर ने 24 रन का योगदान दिया। इसके बाद आकाश दीप ने भी दो छक्के लगाए। भारत ने 700 रन का आंकड़ा पार किया और 9 विकेट पर 720 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स ने 3 विकेट लिए।
दूसरी पारी में 352 रन की बढ़त के जवाब में न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही।
जसप्रीत बुमराह
ने पहले ही ओवर में टॉम लैथम को पवेलियन भेजा। इसके बाद हेनरी निकल्स और डेवोन कॉनवे ने पारी संभाली। निकल्स 31 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने आउट किया। लेकिल दूसरे छोर पर कॉनवे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा किया। दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 2 विकेट पर 119 रन बना लिए हैं। कॉनवे 59 रन और रचिन रवींद्र 27 रन बनाकर क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड अभी भी 233 रन पीछे है।
यह भी पढ़ें: IND vs PAK: एशिया कप राइजिंग स्टार्स में भारत-पाक की महाटक्कर, कहां दिखेगा मैच?
संक्षिप्त स्कोर
भारत: 720/9 घोषित (पंत 128, राहुल 136, जुरेल 78)
न्यूजीलैंड: 368 और 119/2 (कॉनवे 59*, निकल्स 31)