इंटरनेशनल क्रिकेट में ईशान किशन की वापसी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही है। दो साल का वनवास झेलने के बाद उन्होंने इस साल की शुरुआत में टीम इंडिया में धमाकेदार एंट्री ली थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी में अपनी कमबैक सीरीज में इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 4 टी20 मैचों में 231.18 के स्ट्राइक रेट से 215 रन ठोक दिए थे।
इसके बाद ईशान ने टी20 वर्ल्ड कप में जलवा दिखाया और 193.29 के स्ट्राइक रेट से 317 रन जड़ टीम इंडिया की तीसरी खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। कभी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर किए गए ईशान इस साल टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2026 में 37 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और 171.58 के स्ट्राइक रेट से 1220 रन बटोरे हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 8 शतक निकले हैं।
ईशान भारतीय टी20 टीम का अभिन्न अंग बनने के बाद अब वनडे के लिए भी अपनी दावेदारी मजबूती से पेश कर रहे हैं। उन्होंने इस साल जून में अफगानिस्तान के खिलाफ नंबर-4 पर आकर 79 गेंद में 125 रन ठोक डाले थे। 28 साल के ईशान को न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो वनडे मैचों के लिए टीम इंडिया का उप-कप्तान बनाया गया है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सेलेक्टर्स ने उन पर बड़ा दांव लगाने का फैसला कर लिया है।
यह भी पढ़ें: BCCI ने वैभव सूर्यवंशी को दिया बड़ा मौका, तिलक वर्मा की कप्तानी में टीम का ऐलान
बैटिंग ऑर्डर में हर मर्ज की दवा हैं ईशान
भारतीय वनडे टीम में बैकअप ओपनर के तौर पर पिछले काफी समय से
यशस्वी जायसवाल
नजर आ रहे थे लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार (4 नवंबर) से शुरू हो रही 5 मैचों की वनडे सीरीज के लिए उन्हें स्क्वॉड का हिस्सा नहीं बनाया गया है। ईशान के रहते उनकी जरूरत महसूस नहीं की गई। ईशान पारी की शुरुआत करते हुए 9 वनडे पारियों में 61.87 की औसत से 495 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक दोहरा शतक भी निकला है।
ईशान ओपनिंग के साथ-साथ मिडिल ऑर्डर में भी बैटिंग कर सकते हैं, जिससे अतिरिक्त बल्लेबाज को स्क्वॉड में रखने की बाध्यता खत्म हो जाती है। वह विकेटकीपर भी हैं। ऐसे में केएल राहुल के बैकअप के लिए कहीं दूर भी नहीं देखना होगा। इन्हीं खूबियों के चलते उन्हें हमेशा वनडे टीम के साथ रखा जा सकता है। यहां तक कि उनका वर्ल्ड कप टीम में भी सेलेक्शन हो सकता है।
यह भी पढ़ें: Rishabh Pant: न्यूजीलैंड दौरे से बाहर होंगे ऋषभ पंत? फिटनेस टेस्ट में हुए फेल
वर्ल्ड कप टीम के लिए संजीवनी से कम नहीं होंगे ईशान
ICC टूर्नामेंट्स में सिर्फ 15 खिलाड़ियों को ही स्क्वॉड में रखा जा सकता है। ऐसे में ईशान भारतीय टीम के लिए संजीवनी का काम कर सकते हैं। दरअसल, वह अकले ही बैकअप ओपनर, मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज और बैकअप विकेटकीपर की भूमिका निभा सकते हैं, जिससे सेलेक्टर्स को अतिरिक्त गेंदबाज चुनने का मौका मिल सकता है। यह टीम के लिए संजीवनी से कम नहीं है। ईशान भले ही वनडे में देश के बेस्ट ओपनर, बेस्ट मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज और बेस्ट विकेटकीपर नहीं हैं लेकिन इन तीनों कामों को एकसाथ करने वाला उनसे बेहतर कोई नहीं है।