भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपना चौथा गोल्ड मेडल जीत लिया है। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शनिवार को फाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत ने कबड्डी में डबल गोल्ड पूरा कर लिया। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने भी फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल जीता था।
पुरुष टीम के लिए फाइनल की शुरुआत आसान नहीं रही। पहले हाफ तक ईरान ने भारत को कड़ी टक्कर दी और 18-17 की बढ़त बना ली। हालांकि, ब्रेक के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। टीम ने दूसरे हाफ में लगातार अंक जुटाए और मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। सुमित और अर्जुन देशवाल ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: महिला कबड्डी में भारत ने ईरान को हराकर जीता गोल्ड
दूसरे हाफ में भारत ने बदला खेल
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। ईरान ने एक अंक की बढ़त के साथ हाफ टाइम किया। इसके बाद भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज में खेलना शुरू किया। रेडिंग के साथ डिफेंस में भी खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। भारत ने धीरे-धीरे अपनी बढ़त बढ़ाई और ईरान पर दबाव बना दिया। दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों की तेजी और बेहतर तालमेल का ईरान के पास कोई जवाब नहीं था। भारत ने लगातार अंक हासिल किए और आखिर में 40-34 के अंतर से फाइनल अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: पोल वॉल्ट में पहला मेडल जीतने वालीं बारानिका इलांगोवन कौन हैं?
महिलाओं के बाद पुरुष टीम ने भी मारी बाजी
इससे पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड जीता था। टीम ने हांगझोउ एशियन गेम्स में जीते अपने खिताब का बचाव किया। मुकाबले के आखिरी मिनट में ईरान ने वापसी की कोशिश की लेकिन भारतीय डिफेंस ने अहम टैकल कर जीत पक्की कर दी। पुरुष टीम की जीत के साथ भारत ने कबड्डी की दोनों स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिए।