भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार (14 जुलाई) को बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। यूनाइटेड किंगडम (UK) दौरे पर भारतीय टीम की यह पहली जीत रही। इससे पहले उसने 7 में से 6 टी20 मुकाबले गंवाए थे, जबकि 1 मैच बारिश में धुल गया था। मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की टीम 47.5 ओवर में 258 रन पर सिमट गई थी, जिसे टीम इंडिया ने 45.2 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
कप्तान
शुभमन गिल
ने 80 रन की पारी खेली। वह रिटायर हर्ट होकर मैदान से वापस लौटे। अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद अर्धशतकीय पारियां खेली। नंबर-5 पर प्रमोट किए गए वॉशिंगटन ने 63 गेंद में नाबाद 52 रन बनाए। अक्षर ने 52 गेंद में नाबाद 57 रन जड़े।
विराट कोहली
और
रोहित शर्मा
दोनों फेल रहे। रोहित ने 21 गेंद खेलकर 11 रन बनाए, जबकि कोहली 6 गेंद में 5 रन ही बना पाए। 2016 के बाद ऐसा दूसरी बार हुआ, जब रोहित-कोहली दोनों में से एक के बल्ले से अर्धशतकीय पारी नहीं आने के बावजूद भारतीय टीम ने वनडे में 250 प्लस के चेज को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें: फ्रांस को हराकर फाइनल में पहुंचा स्पेन, टूटा एमबापे का सपना
आखिरी बार कब हुआ था ऐसा?
रोहित-कोहली जैसे दिग्गजों के फेल होने के बावजूद टीम इंडिया ने आखिरी बार 2022 में 250 से ज्यादा के टारगेट को हासिल किया था। संयोग से वह मैच भी इंग्लैंड से ही था। मैनचेस्टर में खेले गए उस मुकाबले में भारतीय टीम 260 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। रोहित और कोहली 17-17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद
ऋषभ पंत
ने मोर्चा संभाला और हार्दिक पंड्या के साथ मिलकर भारत को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। पंत ने अपने वनडे इंटरनेशनल करियर का पहला और इकलौता शतक इसी मैच में लगाया था। उन्होंने 113 गेंद में नाबाद 125 रन यादगार की पारी खेली थी, जिससे टीम इंडिया ने 72/4 के स्कोर से उबरकर 42.1 ओवर में ही 5 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
यह भी पढ़ें: T20 में फ्लॉप शो, ODI में वापसी करेगा भारत! कहां दिखेगा ENG vs IND का पहला वनडे?
शुभमन गिल ब्रिगेड के पास इतिहास रचने का मौका
टीम इंडिया ने मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में लगातार छठी जीत दर्ज की। अब शुभमन गिल ब्रिगेड के पास इतिहास रचने का मौका है। दरअसल, भारतीय टीम इससे पहले भी 3 बार अंग्रेजों को लगातार 6 वनडे मैचों में हरा चुकी है लेकिन सातवें मैच तक जाते-जाते जीत का सिलसिला टूट जाता है। इस बार टीम इंडिया दूसरे वनडे को अपने नाम कर जीत के सिलसिले को 7 मैचों तक पहुंचाना चाहेगी। सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार (16 जुलाई) को कार्डिफ में खेला जाना है।